नई दिल्ली. देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार को एक बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आई. जामा मस्जिद थाने के अंदर पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला किया गया. इसने तकरीबन 3 घंटे तक माहौल गरम कर दिया. इस घटना के बाद आरोपी नबील फरार हो गया. पुलिस पर हमला करने के बाद भागते हुए रास्ते में उसने एक राहगीर से स्कूटी भी लूट ली. इसके बाद चांदनी महल इलाके के हवेली आजम खां में पुलिस के साथ उसकी मुठभेड़ हुई. इस दौरान कुल 9 पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैरों में 6 गोलियां लगीं. मामले में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं.
सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने इस घटना को लेकर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि घटना सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे जामा मस्जिद थाने में हुई. नबील की मां और बहन ने पुलिस से शिकायत की थी कि वह उन्हें परेशान करता है. इसी शिकायत के सिलसिले में उसे काउंसलिंग के लिए थाने बुलाया गया था. पुलिसकर्मी से बातचीत के दौरान ही मामला बिगड़ गया. उसने अचानक चाकू निकालकर सीधा हमला कर दिया. इस घटना में एसआई अजय, अरविंद और हेड कॉन्स्टेबल हरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए. दो अन्य पुलिसकर्मी एएसआई श्रीकृष्ण और हेड कॉन्स्टेबल बलजीत को भी चोटें आईं. चाकू से किए गए हमले में सभी घायलों को इलाज के लिए सर गंगाराम अस्पताल पहुंचाया गया.
थाने से भागकर राहगीर की स्कूटी लूटी
आरोपी ने ना सिर्फ पुलिसकर्मियों पर हमला किया बल्कि उसके बाद भी आतंक मचाया. नबील थाने से फरार हो गया. भागने के दौरान उसने रास्ते में एक राहगीर को चाकू दिखाकर उसकी स्कूटी छीन ली. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी. इसके लिए जिले की एएटीएस और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीमें बनाई गईं. पुलिस ने आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर उसकी तलाश तेज कर दी.
पुलिस ने घेरा तो फिर किया हमला
तलाशी के दौरान पुलिस को नबील की लोकेशन चितली कब्र के पास हवेली आजम खां इलाके में मिली. पुलिस टीम ने उसे घेरने की कोशिश की, लेकिन उसने एक बार फिर चाकू से हमला कर दिया. पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की इस दौरान भी वह विरोध करता रहा. घटना में स्पेशल स्टाफ के कॉन्स्टेबल अंकित, जयंत, लोकेश और परमिंदर घायल हो गए. इस तरह दोनों घटनाओं में कुल 9 पुलिसकर्मी घायल हुए.
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने किए 8 राउंड फायर
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को काबू करने के लिए जवाबी कार्रवाई की गई. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान कुल 8 राउंड फायर किए गए. सभी गोलियां कमर से नीचे की ओर निशाना बनाकर चलाई गईं. इनमें से 6 गोलियां नबील के पैरों में लगीं. इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर अस्पताल पहुंचाया.
तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज
डीसीपी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया. इस पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया है. इसमें तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं. पहली एफआईआर थाने के अंदर पुलिसकर्मियों पर हमले और आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में दर्ज की गई है. दूसरी एफआईआर राहगीर से स्कूटी छीनने के मामले में दर्ज हुई है. तीसरी एफआईआर मुठभेड़ के दौरान चार पुलिसकर्मियों पर हमले के संबंध में दर्ज की गई है.

