सोनीपत. हरियाणा के सोनीपत के गोहाना में पुलिस और बदमाशों के बीच बीती रात को मुठभेड़ हो गई. इस दौरान सिकंदरपुर माजरा से खेड़ी दमकन रोड पर एसटीएफ रोहतक, सीआईए गोहाना और तीन बदमाशों के बीच कई राउंड फायरिंग हुई. मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली लगी है, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है.
जानकारी के अनुसार. पुलिसकर्मी को गोली बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी… तीनों बदमाश गांव रबड़ा के रहने वाले बताए जा रहे हैं. ये वही आरोपी हैं, जिन्होंने कोर्ट से गवाही देकर लौट रहे रविंद्र बड़ौता की फॉर्च्यूनर गाड़ी पर फायरिंग की थी. वारदात के बाद से तीनों फरार चल रहे थे.
एसटीएफ रोहतक को बदमाशों के बारे में गुप्त सूचना मिली थी और फिर टीम ने बदमाशों को घेरने का प्रयास किया. इस दौरान बदमाशों और पुलिस के बीच कई राउंड फायरिंग हुई. मुठभेड़ में शामिल बदमाशों की पहचान राहुल उर्फ नाना, विकास उर्फ विक्की और सत्यवान के रूप में हुई है. तीनों गांव रबड़ा के रहने वाले बताए जा रहे हैं. आरोप है कि गोहाना कोर्ट से गवाही देकर लौट रहे रविंद्र बड़ौता की फॉर्च्यूनर गाड़ी पर इन बदमाशों ने फायरिंग की थी.
STF रोहतक के इंचार्ज जोगिंद्र ने बताय़ा कि 21 नवंबर को बदमाशों ने कोर्ट परिसर में गोलियां चलाई थी और बदमाशों की सूचना मिली थी और रेड के दौरान बदमाशों ने गोलियां चलानी शुरू कर दी और जवाबी कार्यवाई में पुलिस ने गोलिया चलाई है और 2 बदमाशों को घायल हालत में गोहाना अस्पताल में भर्ती किया गया है. सभी पर एक दर्जन से अधिक हत्या समेत अन्य मामले दर्ज हैं. अभी पुलिस जांच चल रही है.
