झज्जर. हरियाणा के बहादुरगढ़ शहर की कुबेर कॉलोनी में गुरुवार रात शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. घुड़चढ़ी की रस्म के दौरान नाच रही दूल्हे की 30 वर्षीय बहन मनीषा की गोली लगने से मौत हो गई. आरोप है कि दूल्हे का दोस्त दीपक हर्ष फायरिंग कर रहा था. इसी दौरान चली गोली मनीषा के सिर में जा लगी. गंभीर हालत में परिजन उसे नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से छारा गांव का रहने वाला एक परिवार बहादुरगढ़ की कुबेर कॉलोनी में रहता है. परिवार के बेटे अमनदीप की शादी के चलते वीरवार रात घुड़चढ़ी की रस्म चल रही थी. इस दौरान परिवार के सदस्य और रिश्तेदार खुशी में नाच रहे थे. दूल्हे की बहन मनीषा भी नृत्य कर रही थी. इसी बीच हर्ष फायरिंग के दौरान चली गोली उसके सिर में लग गई. अचानक हुए हादसे से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं.
मनीषा की करीब 10 साल पहले रेवाड़ी निवासी खुशीराम के साथ शादी हुई थी. वह दो बच्चों की मां थी. पत्नी की मौत के बाद अस्पताल में पति खुशीराम का रो-रोकर बुरा हाल था. इस दर्दनाक घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है.
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी प्रदीप नैन और एसीपी रमेश गुलिया नागरिक अस्पताल पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया. मामले की जांच के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं. शुक्रवार को बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई करेगी.
