
SC on Anand Mohan Case: बिहार के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। 1994 के चर्चित IAS अधिकारी जी कृष्णैया हत्याकांड में दोषी आनंद मोहन की समय से पहले हुई रिहाई को सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दिया है। अदालत ने बिहार सरकार के उस संशोधन को भी असंवैधानिक घोषित कर दिया, जिसके आधार पर आनंद मोहन की जेल से रिहाई का रास्ता साफ हुआ था। शीर्ष अदालत ने उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है।
यह मामला जी कृष्णैया की पत्नी उमा देवी कृष्णैया की याचिका पर सुनवाई के दौरान सामने आया। उन्होंने बिहार सरकार के फैसले को चुनौती देते हुए आनंद मोहन की रिहाई रद्द करने और उन्हें दोबारा जेल भेजने की मांग की थी। सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले से इस बहुचर्चित मामले में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।
SC ने बिहार सरकार का संशोधन किया रद्द
सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में बिहार सरकार की 10 अप्रैल 2023 की अधिसूचना को असंवैधानिक, अमान्य और निष्प्रभावी घोषित कर दिया है। अदालत ने इस अधिसूचना को रद्द करते हुए कहा कि इसके आधार पर आनंद मोहन को दी गई समयपूर्व रिहाई भी बरकरार नहीं रखी जा सकती। कोर्ट ने 24 अप्रैल 2023 को जारी उनकी समयपूर्व रिहाई के आदेश को भी रद्द कर दिया। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिया कि आनंद मोहन आज से एक महीने के भीतर संबंधित जेल प्राधिकारी के सामने आत्मसमर्पण करें।
जी कृष्णैया की पत्नी ने SC में दी थी चुनौती
दरअसल IAS अधिकारी जी कृष्णैया की हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए आनंद मोहन को अप्रैल 2023 में बिहार सरकार के जेल नियमों में संशोधन के बाद समय से पहले रिहा कर दिया गया था। इस फैसले के खिलाफ जी कृष्णैया की पत्नी उमा देवी कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। उनकी याचिका में दलील दी गई थी कि बिहार सरकार ने जेल नियमों में बदलाव करके आनंद मोहन को अनुचित लाभ पहुंचाया। याचिका में इस संशोधन और उसके आधार पर दी गई रिहाई को चुनौती दी गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने अब इस मामले में फैसला सुनाते हुए उनकी रिहाई का आदेश निरस्त कर दिया है।
समयपूर्व रिहाई पर पीड़ित पक्ष को सुनना जरूरी
सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि किसी दोषी की सजा में छूट या समयपूर्व रिहाई पर विचार करते समय पीड़ित पक्ष को सुनवाई का अवसर देना जरूरी है। सरकार के पास सजा में छूट देने का अधिकार जरूर है, लेकिन इसका इस्तेमाल कानून, निष्पक्षता और पीड़ित के अधिकारों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। अदालत ने यह भी कहा कि न्यायिक समीक्षा केवल निगरानी की औपचारिक प्रक्रिया नहीं है। अदालत का दायित्व है कि वह मनमानी कार्रवाई के खिलाफ कानून और न्याय सुनिश्चित करे। कोर्ट ने साफ किया कि न्याय के मामलों में अदालत मूकदर्शक बनकर नहीं रह सकती।
क्या है 1994 का जी कृष्णैया हत्याकांड?
यह पूरा मामला 5 दिसंबर 1994 को बिहार के गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी कृष्णैया की हत्या से जुड़ा है। उस समय आनंद मोहन पर भीड़ को उकसाने का आरोप लगा था। भीड़ ने जी कृष्णैया की हत्या कर दी थी। इस मामले में आनंद मोहन को दोषी ठहराया गया और निचली अदालत ने 2007 में उन्हें फांसी की सजा सुनाई थी। बाद में पटना हाईकोर्ट ने उनकी फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया था। इसके बाद आनंद मोहन ने जेल में सजा काटी। अप्रैल 2023 में बिहार सरकार द्वारा जेल नियमों में किए गए संशोधन के बाद उन्हें समय से पहले रिहा कर दिया गया था।
