MP High Court News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से पुलिस और जेल प्रशासन की लापरवाही का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां केंद्रीय जेल में बंद कैंसर पीड़ित कैदी को दिल्ली के AIIMS में इलाज के लिए ले जाने के लिए जेल प्रशासन ने पुलिस से बार-बार सुरक्षा गार्ड मांगा, लेकिन 34 बार पत्र लिखने के बावजूद पुलिस बल उपलब्ध नहीं कराया गया। नतीजा यह हुआ कि कैदी अपना जरूरी मेडिकल फॉलोअप नहीं करा सका।
मामला मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच पहुंचा तो अदालत ने कड़ी नाराजगी जताई। सुनवाई के दौरान ग्वालियर के SSP धर्मवीर सिंह यादव को करीब छह घंटे तक अदालत में खड़े रहने की सजा दी गई। इसके बाद SSP ने रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह सिकरवार और आरक्षक देवेंद्र भदौरिया को निलंबित कर दिया।
आखिर क्या है पूरा मामला?
ग्वालियर सेंट्रल जेल में बंद नरहरि नाम का कैदी कैंसर से पीड़ित है। उसका इलाज दिल्ली एम्स में चल रहा था। उसे 4 दिसंबर 2025 को एम्स ले जाया गया था। वहां डॉक्टरों ने उसे अगली जांच और फॉलोअप के लिए 12 मार्च 2026 को बुलाया था। कैदी को दिल्ली ले जाने के लिए पुलिस सुरक्षा की जरूरत थी। इसके लिए जेल प्रशासन ने ग्वालियर पुलिस के रक्षित निरीक्षक को पत्र लिखकर सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। हालांकि पुलिस बल नहीं मिलने के कारण नरहरि निर्धारित तारीख पर एम्स नहीं पहुंच सका। मामला यहीं नहीं रुका। जेल प्रशासन लगातार पत्र लिखता रहा, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
34 बार मांगा गया पुलिस बल
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जेल प्रशासन ने पुलिस को कुल 34 पत्र भेजे थे। ये पत्र 10 मार्च 2026 से 3 नवंबर 2026 के बीच लिखे गए। हर बार कैदी को इलाज के लिए दिल्ली ले जाने के वास्ते पुलिस एस्कॉर्ट उपलब्ध कराने की मांग की गई थी। इसके बावजूद पुलिस की ओर से जरूरी सुरक्षा बल उपलब्ध नहीं कराया गया। बाद में जब मामला हाईकोर्ट पहुंचा तो अदालत ने संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा। कोर्ट के सामने जब 34 पत्रों का रिकॉर्ड आया तो पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
कोर्ट ने पुलिस को लगाई फटकार
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने 23 नवंबर के अपने आदेश में पुलिस और जेल प्रशासन, दोनों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। अदालत ने कहा कि दोनों विभाग अपनी जिम्मेदारी से बचते नजर आ रहे हैं, जबकि कैदी की जान और स्वास्थ्य का अधिकार संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत सुरक्षित है। सुनवाई के दौरान अदालत को यह भी पता चला कि जेल में बंद एक अन्य कैदी अरविंद को नियमित रूप से इलाज के लिए एम्स भेजा जा रहा था, लेकिन कैंसर पीड़ित नरहरि को जरूरी फॉलोअप के लिए नहीं भेजा गया। कोर्ट ने इस भेदभाव पर भी नाराजगी जताई।
अदालत ने रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह सिकरवार के जवाब में गंभीर विसंगतियां पाईं। कोर्ट के अनुसार उन्होंने अपने हलफनामे में 34 पत्रों का उल्लेख नहीं किया था, जबकि पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्हें सभी पत्र मिले थे। इस पर हाईकोर्ट ने उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए, इसे लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया।
SSP छह घंटे तक कोर्ट में खड़े रहे
मामले की सुनवाई के दौरान ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव भी अदालत में पेश हुए। उन्हें करीब छह घंटे तक कोर्ट में खड़ा रहना पड़ा। अदालत की सख्ती के बाद पुलिस विभाग ने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की। इसके बाद एसएसपी ने रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह सिकरवार और आरक्षक देवेंद्र भदौरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। दोनों को पुलिस लाइन से अटैच भी किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जेल प्रशासन की ओर से भेजे गए पत्र पुलिस रिकॉर्ड में मौजूद थे, लेकिन आरक्षक देवेंद्र भदौरिया ने संबंधित फाइल को आगे नहीं बढ़ाया। रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह सिकरवार पर भी लापरवाही का आरोप है।

