हांसी: हांसी जिले के नारनौंद क्षेत्र के गांव पेटवाड़ में शुक्रवार रात बाइक सवार एक नकाबपोश व्यक्ति ने एक घर में घुसकर चार राउंड फायर किए. इनमें से तीन गोलियां घर के अंदर खड़ी गाड़ी में लगीं, जबकि एक गोली घर के मुख्य गेट पर चलाई गई. वारदात के समय घर में महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे. गनीमत रही कि फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ. पेटवाड़ कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ का पैतृक गांव है.
पिता का नाम लेकर आरोपी ने घर के बाहर लगाई आवाज
पेटवाड़ निवासी उमेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार रात करीब सवा नौ बजे एक व्यक्ति बाइक पर सवार होकर उनके घर पहुंचा. उसने बाहर से ही उनके पिता धर्मपाल का नाम लेकर आवाज लगाई. उस समय उनके पिता पड़ोस में हुई एक मौत पर शोक व्यक्त करने गए हुए थे. इसी दौरान आरोपी ने घर के मुख्य गेट पर एक फायर किया और फिर अंदर घुसकर तीन राउंड और फायर किए. इनमें तीन गोलियां घर के अंदर खड़ी गाड़ी में जा लगीं.
घर में मौजूद थीं महिलाएं और बच्चे, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
उमेश के अनुसार, घटना के समय घर में उनकी पत्नी, बच्चे, भाई-भाभी, उनके बच्चे और मां मौजूद थे. आरोपी ने अपना चेहरा ढका हुआ था. पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. उमेश ने बताया कि उनकी नारनौंद अनाज मंडी में आढ़त की दुकान नंबर 10 है. उनके पिता धर्मपाल की उम्र करीब 60 वर्ष है और वे प्रॉपर्टी के कारोबार के साथ आढ़त की दुकान भी संभालते हैं. उनका कहना है कि उनकी किसी के साथ कोई कहासुनी या विवाद नहीं है.
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर की जांच
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम के बाद सीआईए नारनौंद और थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और फायरिंग के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
