फरीदाबाद. इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक देश के कई शहरों में देखने को मिल रहा है. लोगों के अंदर इनके प्रति गुस्सा भरा हुआ है. ऐसे में ग्रेटर फरीदाबाद से एक ऐसी खबर सामने आई जो हैरान करने वाली है. सोसाइटी के पास आवारा कुत्तों को खाना खिलाना एक महिला को भारी पड़ गया. उनके साथ कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है.
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. महिला का आरोप है कि लोगों के एक समूह ने उसके साथ मारपीट की. मामला शनिवार को तब तूल पकड़ा जब पुलिस कार्रवाई की मांग को लेकर दर्जनों लोगों ने पुलिस स्टेशन का घेराव किया. यह मामला ग्रेटर फरीदाबाद के बीपीटीपी पुलिस थाने का है. घटना 26 अक्टूबर की बताई जा रही है. पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस से कार्रवाई की मांग करने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया गया.
ग्रेटर फरीदाबाद कुत्तों को खाना खिलाने पर नव्या से बर्बर,कपड़े उतारने की भी कोशिश
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार,आवारा कुत्तों को खाना खिलाने को लेकर स्थानीय लोगों की भीड़ ने नव्या पर हमला किया। एक व्यक्ति ने उनके सिर पर कई मुक्के मारे, जबकि कुछ लोगों ने उनके कपड़े खींचने की कोशिश की https://t.co/eEZbeux6V7— Lokmanchtoday (@lokmanchtoday) November 28, 2026
वायरल वीडियो में महिला के साथ मारपीट
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में नव्या नाम की महिला को बड़ी संख्या में लोगों के समूह के साथ बहस करते देखा जा सकता है. वीडियो में महिला एक SUV के सामने खड़ी दिखाई देती है. इसी दौरान मुख्य आरोपियों में शामिल बताई जा रही नेहा बार-बार उसके साथ मारपीट करती नजर आती है. कुछ देर बाद सफेद टी-शर्ट पहने एक व्यक्ति अचानक आगे बढ़ता है. नव्या को मुक्का मार देता है. इसके बाद वहां मौजूद लोग उसे पीछे हटने के लिए कहते हैं.
महिला ने बताई पूरी घटना
नव्या ने बताया कि वह पशु प्रेमी हैं. उनका आरोप है कि सोसाइटी के कुछ लोगों को उनके आवारा कुत्तों को खाना खिलाने पर आपत्ति थी. उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर को जब वह एक कुत्ते को खाना खिला रही थीं. सोसाइटी के कुछ निवासी वहां पहुंचे और इस पर विरोध जताने लगे. इसी बात को लेकर उनके बीच पहले बहस हुई और फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया. पीड़िता ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान उनके कपड़े भी फाड़ दिए गए. उन्होंने बताया कि घटना में पुरुष भी शामिल थे. नव्या का कहना है कि वह घटना के बाद से ही पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रही हैं. अभी तक उन्हें न्याय नहीं मिला है.
मेनका गांधी ने भी पुलिस अधिकारियों से की बात
शनिवार को हुए प्रदर्शन के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री और पशु अधिकारों के लिए काम करने वाली मेनका गांधी ने भी इस मामले को लेकर स्थानीय पुलिस अधिकारियों से फोन पर बातचीत की. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि जब तक मारपीट के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा. उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर वे पुलिस स्टेशन के बाहर धरने पर बैठेंगे.
पुलिस ने आरोपों को बताया गलत, जांच रिपोर्ट सौंपी
इस मामले में पुलिस का कहना है कि मामले में पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है. 12 नवंबर को जांच रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंप दी गई थी. पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, घटना 26 अक्टूबर को हुई थी. इसका संबंध कुत्ते को खाना खिलाने से नहीं था. उनके मुताबिक, विवाद की असली वजह सोसाइटी के पार्क से जुड़ा मामला था. पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि घटना के समय ही मामले में कार्रवाई की गई थी. उन्होंने प्रदर्शनकारियों के उन दावों को गलत बताया, जिनमें कहा जा रहा है कि पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है.


