Uttarakhand News: उत्तराखंड से शनिवार को एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास एक वैन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में वाहन चालक अनिल देवराड़ा और सात महिलाएं शामिल हैं। वैन में करीब 14 लोग सवार थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में घायल एक व्यक्ति को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा जा रहा है।
एनजीओ से जुड़ी थीं सभी महिलाएं
जानकारी के मुताबिक, रिखणीखाल ब्लॉक के कोटनाली भंगलवाण की एक एनजीओ से जुड़ी महिलाएं बैंक संबंधी काम से सिद्धखाल गई थीं। काम पूरा करने के बाद सभी ईको वैन से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब सौ मीटर नीचे खाई में जा गिरा।
स्थानीय लोगों ने की मदद
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। वहीं, सूचना मिलने पर रिखणीखाल, लैंसडौन और कोटद्वार से प्रशासनिक अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए। लैंसडौन की उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने और गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने को कहा है।

