गुरुग्राम: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में 100 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इसके साथ ही उन्होंने सेक्टर-48 में नवनिर्मित आधुनिक ई-बस डिपो का भी लोकार्पण किया. इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गुरुग्राम के विकास और सार्वजनिक परिवहन के इतिहास में एक नई शुरुआत हो रही है. प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत शुरू की गई यह सेवा शहर को स्वच्छ, सुगम और आधुनिक परिवहन सुविधा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने की यात्रा वर्ष 2018 में 25 बसों के साथ शुरू हुई थी. वर्तमान में गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड के बेड़े में 150 सीएनजी बसें शामिल हैं. अब 100 इलेक्ट्रिक बसें जुड़ने से बसों की कुल संख्या बढ़कर 250 हो गई है.
17 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ ई-बस डिपो
मुख्यमंत्री ने बताया कि सेक्टर-48 में ई-बस डिपो को गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने लगभग 7 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया है. इस डिपो के निर्माण पर करीब 17 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं. यह आधुनिक आधारभूत सुविधा इलेक्ट्रिक बसों के व्यवस्थित संचालन में मदद करेगी.
प्रदेश के 10 बड़े शहरों में चल रही 160 ई-बसें
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत देशभर में 10 हजार इलेक्ट्रिक बसें चलाने का लक्ष्य रखा गया है. गुरुग्राम में 100 बसों की शुरुआत इसी राष्ट्रीय संकल्प का हिस्सा है. वर्तमान में हरियाणा के 10 बड़े शहरों में 160 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं. इस साल के अंत तक प्रदेश में इनकी संख्या बढ़ाकर 375 करने का लक्ष्य है.
6 शहरों में भी तैयार होंगे ई-बस डिपो
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी वित्त वर्ष में करनाल, रोहतक, पंचकूला, रेवाड़ी, अंबाला और हिसार में भी इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए ई-बस डिपो तैयार कर लिए जाएंगे. इससे प्रदेश के विभिन्न शहरों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा.
34 शहरों में बनाए गए नए बस अड्डे
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में पानीपत सहित प्रदेश के 34 शहरों में नए बस अड्डों का निर्माण किया गया है. उन्होंने गुरुग्राम के नागरिकों से सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने और स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में सहभागी बनने की अपील की. उन्होंने विश्वास जताया कि गुरुग्राम के लोग इस नई इलेक्ट्रिक बस सेवा को अपनाएंगे और इसे सफल बनाएंगे.

