दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 1.44 लाख रुपए प्रति दस ग्राम पहुंचा, चांदी के दाम रहे स्थिर
Gold Price Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : पश्चिम एशिया तनाव कम होने की उम्मीद के बाद आखिरकार कीमती धातु सोने के दाम में भी तेजी देखने को मिली। भारतीय सर्राफा बाजार में यह तेजी चार कारोबारी दिनों की गिरावट के बाद दिखाई दी। जबकि अंतरराष्टÑीय बाजार में यह तेजी 9 दिन बाद दिखाई दी। दरअसल जैसे ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमलों पर पांच दिवसीय युद्धविराम की घोषणा की उसी से सर्राफा बाजार का माहौल बदल गया। जिसके चलते अंतरराष्टÑीय और घरेलू बाजार में तेजी देखने को मिली।
दिल्ली सर्राफा बाजार में इस तरह रहे दाम
अखिल भारतीय सरार्फा एसोसिएशन के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली में सोने के दाम बढ़े। चार दिनों की गिरावट के बाद सोना 1,200 रुपये बढ़कर 1.44 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा। हालांकि, चांदी का भाव 2.30 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहा। सोमवार को 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने का भाव 1,43,600 रुपये प्रति 10 ग्राम था। व्यापारियों ने घरेलू सोने के दाम में उछाल का कारण बताया।
उन्होंने वैश्विक कमोडिटी बाजारों में सुधार को मुख्य कारण बताया। हाल की तेज गिरावट के बाद निचले स्तरों पर कुछ खरीदारी भी हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी हाजिर सोने में तेजी देखी गई। नौ सत्रों की गिरावट के बाद इसमें उछाल आया। यह 16.96 डॉलर बढ़कर 4,423.83 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी भी 1.03 फीसदी बढ़कर 69.86 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
भारतीय शेयर बाजार भी उछला
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,372.06 अंक या 1.89 प्रतिशत बढ़कर 74,068.45 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसमें 1,793 अंक या 2.46 प्रतिशत की तेजी आई और यह 74,489.39 पर पहुंच गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 399.75 अंक या 1.78 प्रतिशत बढ़कर 22,912.40 पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से लार्सन एंड टुब्रो, इंटरग्लोब एविएशन, इटरनल, एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस और अल्ट्राटेक सीमेंट सबसे बड़े विजेता रहे।
इस मामले में पावर ग्रिड और स्टेट बैंक आॅफ इंडिया ही एकमात्र पिछड़ने वाली कंपनियां थीं। जानकारों का कहना है कि मंगलवार की तेजी के पीछे ट्रंप का वह बयान रहा जिसमें उसने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए दी गई समय सीमा को बढ़ा दिया है, जो फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच रणनीतिक रूप से स्थित एक जहाजरानी मार्ग है, और यह भी कहा कि वह ईरानी ऊर्जा स्थलों पर हमले को पांच दिनों के लिए स्थगित कर देंगे।

