भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को सौंपा इस्तीफा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की
Annamalai, (द भारत ख़बर), चेन्नई/नई दिल्ली: तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को पांच पृष्ठों का त्यागपत्र सौंपा। इस्तीफा सौंपने के बाद अन्नामलाई ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और इसके बाद चेन्नई रवाना हो गए।
सूत्रों के मुताबिक नितिन नबीन और संगठन महासचिव बीएल संतोष के साथ हुई बैठक में अन्नामलाई ने सौहार्दपूर्ण माहौल में पार्टी से अलग होने की इच्छा जताई। उन्होंने साफ कहा कि अब वह अपना रास्ता खुद तय करना चाहते हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि बीजेपी नेतृत्व अन्नामलाई को रोकने की कोशिश कर रहा था और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर कोई अहम भूमिका सौंपी जा सकती थी। उन्हें अगले निर्देश तक दिल्ली न छोड़ने की सलाह भी दी गई थी।
7 जून को समर्थकों की बैठक बुलाई
अन्नामलाई 7 जून को अपने कोर समर्थकों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद आगे की रणनीति का ऐलान कर सकते हैं। युवा वोटबैंक में उनकी पकड़ को देखते हुए उनके अगले कदम पर राजनीतिक दलों की नजर है। यह भी चर्चा है कि आरएसएस चाहता है कि अन्नामलाई सार्वजनिक जीवन में सक्रिय बने रहें। अन्नामलाई तमिलनाडु में राष्ट्रवादी-तमिल दर्शन आधारित गैर-राजनीतिक आंदोलन शुरू करेंगे, जिसे जनभावनाओं के आधार पर बाद में राजनीतिक दल में बदला जा सकता है।
ये भी पढ़ें: दो गुटों में बंट सकती है तृणमूल कांग्रेस

