शराब घोटाले में बरी होने के बाद भाजपा पर लगातार हमला बोल रहे दिल्ली के पूर्व सीएम
Arvind Kejriwal, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को एक बार फिर भाजपा पर हमला बोला। केजरीवाल ने कहा, शराब घोटाले में कोर्ट का फैसला भारतीय जनता पार्टी के मुंह पर जोरदार तमाचा है। केजरीवाल रविवार को दिल्ली के जंतर मंतर पर एक रैली को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने कहा, आप को खत्म करने के लिए मोदी जी खुद इस केस की मॉनिटरिंग कर रहे थे। उन्होंने मोदी और शाह पर 4 साल तक परेशान करने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने रैली में मंच से शराब घोटाले केस में कोर्ट के फैसले की तारीफ की। उन्होंने इसे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और देश के लोगों के पक्ष में बताया।
पीएम कर रहे थे केस की निगरानी
केजरीवाल ने कहा, भाजपा नेताओं ने मुझपर 100 करोड़ रुपए लेने और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, लेकिन अदालत ने कहा कि केस फर्जी है। अदालत का फैसला मोदी, अमित शाह और भाजपा के लिए करारा जवाब है। आप को खत्म करने के लिए खुद प्रधानमंत्री इस केस की निगरानी कर रहे थे।
मैंने हमेशा ईमानदारी से काम किया
उन्होंने कहा, आईआईटी से पढ़ाई के बाद मैं अमेरिका जा सकता था, लेकिन देश सेवा के लिए भारत में ही रहा। इनकम टैक्स विभाग में नौकरी के दौरान मैंने रिश्वत लेने से मना किया और ईमानदारी से काम किया। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी मेरे खिलाफ कई जांच कराई गई, लेकिन कुछ साबित नहीं हुआ।

