
पुलिस ने 7 लोगों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की
Punjab News, (द भारत ख़बर), फिरोजपुर: जिले के मक्खू क्षेत्र में तैनात पंजाब पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) गुरदयाल सिंह ने प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर नहर में छलांग लगा दी। लापता होने से पहले जारी वीडियो में उन्होंने 7 लोगों पर उनकी फोटो का उपयोग कर एआई फर्जी वीडियो बनाने, एक महिला से झूठी शिकायत करवाने और मामला रफा-दफा करने के एवज में 35 लाख रुपए मांगने का गंभीर आरोप लगाया है।
इनका लिया नाम
एएसआई ने कहा, बिक्रमजीत सिंह, जोती पत्रकार, प्यारा लाल, रमनदीप सिंह, अमनदीप सिंह, चरणजीत कौर और उसकी पति संतोष सिंह फौजी है। ये मेरी मौत के जिम्मेवार है। मैं अपनी बेइज्जती ना सहन करता हुआ आज जीवन लीला समाप्त कर रहा हूं।
गोताखोरों ने चलाया सर्च अभियान
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन तत्काल मौके पर पहुंचा और नहर में व्यापक खोज अभियान शुरू किया गया। देर शाम तक गोताखोरों और पुलिस की टीमें एएसआई की तलाश में जुटी रहीं। फिलहाल उनकी तलाश जारी है।
जिला पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक (जांच) मनजीत सिंह ने बताया कि एएसआई की पत्नी के बयान के आधार पर सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि वीडियो में लगाए गए आरोपों, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो के आधार पर कार्रवाई शुरू
पुलिस का कहना है कि मामले में सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री, मोबाइल फोन, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि आरोपों की सत्यता का पता लगाया जा सके। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
