नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट में कुछ बड़ा होने के संकेत मिल रहे हैं. टीम इंडिया के हालिया खराब प्रदर्शन और खिलाड़ियों की चोट से जुड़े मामलों को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बैठक बुलाने का फैसला किया है. मीडिया रिपोर्ट्स की माने मीटिंग में मुख्य कोच गौतम गंभीर, मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण के रहने की बात सामने आई है. जानकारी के मुताबिक इस बैठक को गुरुवार को ही बुलाया गया है.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक मुख्य कोच गौतम गंभीर, मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण को 3 सितंबर को मुंबई स्थित BCCI मुख्यालय में बुलाया गया है. जानकारी के मुताबिक इस बैठक को टीम इंडिया के हालिया निराशाजनक विदेशी दौरे के रिव्यू को लेकर बुलाई गई है. गौरतलब है कि BCCI सचिव देवजीत सैकिया पहले ही भारतीय टीम ने जैसा प्रदर्शन इंग्लैंड में किया था उसको लेकर समीक्षा के संकेत दिए थे. किसी ना किसी वजह से इसे टालना पड़ रहा था.
विदेशी दौरे पर भारतीय टीम का प्रदर्शन वैसा नहीं रहा जिसकी उम्मीद की जा रही थी. आयरलैंड जैसी कमतर आंकी जा रही टीम ने टीम इंडिया का टी20 सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप कर दिया. इसके ठीक बाद इंग्लैंड के दौरे पर पहुंची टीम को वहां भी हार मिली टी20 सीरीज में मेजबान टीम ने 4-0 से करारी शिकस्त दी. इसमें नॉटिंघम में मिली 125 रन की बड़ी हार भी शामिल थी. इसके बाद वनडे सीरीज में भारत ने शुरुआती मुकाबला जीतने के बावजूद सीरीज 2-1 से गंवा दी.
बैठक में BCCI खिलाड़ियों की फिटनेस और इंजरी मैनजेमेंट के मुद्दे पर भी चर्चा करने वाली है. बताया जा रहा है कि ये काफी ज्यादा अहम होने वाला है. इस मुद्दे पर टीम के खिलाड़ियों, चयनकर्ताओं और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के चीफ के बीच चर्चा होगी. जसप्रीत बुमराह, नितीश कुमार रेड्डी, हार्दिक पंड्या, वॉशिंगटन सुंदर की चोट और साई सुदर्शन की लंबी रिकवरी जैसे मामलों ने टीम मैनेजमेंट और बोर्ड की चिंताएं बढ़ाई हैं.

