नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सफल फ्रेंचाइजी में शामिल मुंबई इंडियंस की टीम को नए सीजन से पहले बड़ा झटका लगा है. श्रीलंका के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने ने टीम के हेड कोच पद से इस्तीफा दे दिया है. मुंबई इंडियंस ने शनिवार सुबह इसे लेकर आधिकारिक बयान जारी करते हुए उनके पद छोड़ने की पुष्टि की.
महेला जयवर्धने की कोचिंग में मुंबई इंडियंस ने शानदार कामयाबी हासिल की. आईपीएल के इतिहास के सबसे सफल कोच रहे हैं. उनकी कोचिंग में टीम ने रोहित शर्मा की कप्तानी में 2017, 2019 और 2020 में तीन बार आईपीएल का खिताब जीता था.
𝗠𝘂𝗺𝗯𝗮𝗶 𝗜𝗻𝗱𝗶𝗮𝗻𝘀 𝗕𝗶𝗱 𝗮 𝗛𝗲𝗮𝗿𝘁𝗳𝗲𝗹𝘁 𝗙𝗮𝗿𝗲𝘄𝗲𝗹𝗹 𝘁𝗼 𝗠𝗮𝗵𝗲𝗹𝗮 𝗝𝗮𝘆𝗮𝘄𝗮𝗿𝗱𝗲𝗻𝗲
Mahela has been much more than a Head Coach to Mumbai Indians. Under his leadership as Head Coach, Mumbai Indians won 3 IPL titles.
Read more 👉 https://t.co/GvYuetCKW5
— Mumbai Indians (@mipaltan) October 17, 2026
मुंबई इंडियंस के मुताबिक महेला जयवर्धने फ्रेंचाइजी के लिए सिर्फ हेड कोच ही नहीं, बल्कि टीम को आकार देने वाले अहम सदस्य भी रहे. उन्होंने 2017 से 2022 और फिर 2024 से 2026 तक टीम के साथ काम किया. इस दौरान उन्होंने टीम में अनुशासन आपसी सहयोग और टीम को व्यक्तिगत उपलब्धियों से ऊपर रखने की सोच को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. फ्रेंचाइजी ने उनके नेतृत्व और टीम के माहौल को बेहतर बनाने में दिए गए योगदान की सराहना की.
मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी ने महेला जयवर्धने के योगदान के लिए उनका आभार जताया. उन्होंने कहा कि जयवर्धने के शांत नेतृत्व, ईमानदारी और क्रिकेट के प्रति गहरे लगाव ने फ्रेंचाइजी को यहां तक पहुंचाया. नीता अंबानी ने अपने बयान में कहा, “महेला ने सालों से मुंबई इंडियंस के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है. उनका शांत नेतृत्व, ईमानदारी और खेल के प्रति गहरा प्रेम हमारे लिए बहुत मायने रखता है. पूरी MI फैमिली की ओर से मैं उनके अपार योगदान और वर्षों तक अटूट प्रतिबद्धता के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं.”
मुंबई इंडियंस को महेला जयवर्धने ने अपने क्रिकेट सफर का बेहद खास हिस्सा बताया. जयवर्धने ने कहा, “मुंबई इंडियंस एक दशक से भी अधिक समय से मेरे सफर का बेहद खास हिस्सा रही है. खिलाड़ी, कोचिंग टीम, ‘वन फैमिली’ का शानदार समर्थन और सबसे बढ़कर फैंस ने इस अनुभव को ऐसा बना दिया, जिसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगा.”

