सोनीपत/चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने सोनीपत में कांग्रेस पार्टी और पूर्व सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और इंडी (INDI) गठबंधन के नेता छात्रों की समस्याओं के समाधान में रुचि रखने के बजाय छात्र मुद्दों का राजनीतिकरण कर देश में भ्रम और अराजकता का माहौल पैदा करना चाहते हैं. डॉ. अर्चना गुप्ता ने सीधा सवाल दागा कि राहुल गांधी और कांग्रेस नेता संसद में नीट (NEET) और पेपर लीक के संवेदनशील मुद्दे पर चर्चा करने से क्यों भाग रहे हैं?
पत्रकारों को संबोधित करते हुए डॉ. अर्चना ने कहा कि मोदी सरकार नीट और परीक्षाओं से जुड़े सभी विषयों पर संसद में किसी भी नियम के तहत विस्तृत और लंबी चर्चा कराने के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन विपक्ष समाधान निकालने के बजाय केवल संसद की कार्यवाही बाधित कर राजनीतिक रोटियां सेंकने में जुटा है. अगर राहुल गांधी के पास कोई ठोस सुझाव है तो उन्हें हंगामा करने के बजाय संसद में अपनी बात रखनी चाहिए.
दोषियों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का निर्णय
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रतिबद्धता जताते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पेपर लीक के मामलों में आरोपियों को तुरंत और कठोर दंड दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक अदालतों (Fast Track Courts) के गठन का निर्णय लिया है और संबंधित विभागों को सख्त निर्देश जारी किए जा चुके हैं. सीबीआई जांच और सख्त कार्रवाई के दम पर पारदर्शी तरीके से परीक्षाएं कराई जा रही हैं और उत्तीर्ण छात्र सरकार के इस कड़े कदम से संतुष्ट हैं.
कांग्रेस के शासन में भी हुए थे पेपर लीक
विपक्ष पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने याद दिलाया कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान भी ढेरों प्रश्नपत्र लीक हुए थे, लेकिन तत्कालीन सरकार ने कोई कठोर कदम नहीं उठाया. जबकि मोदी सरकार ने परीक्षाओं को पारदर्शी और पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए कड़े कानून और तुरंत गिरफ्तारियां सुनिश्चित की हैं.
शिक्षा के क्षेत्र में मोदी सरकार के रिपोर्ट कार्ड का ब्योरा देते हुए उन्होंने बताया कि कांग्रेस के शासन में शिक्षा का बजट मात्र ₹8,225 करोड़ हुआ करता था, जिसे बढ़ाकर मोदी सरकार ने रिकॉर्ड ₹1.49 लाख करोड़ से अधिक कर दिया है. आज देशभर में एम्स (AIIMS), आईआईटी (IIT), मेडिकल कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और मेडिकल सीटों की संख्या में ऐतिहासिक बढ़ोतरी हुई है.
इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे. इनमें भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, सोनीपत जिला प्रभारी सतीश नांदल, सोनीपत नगर निगम के मेयर राजीव जैन, जिला महामंत्री नीरज कुमार, अजय कुमार, प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार कटारिया, गन्नौर से प्रत्याशी रहे देवेंद्र कौशिक, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मोनिका दहिया, बबीता दहिया, पूजा जांगड़ा, आजाद नेहरा, दीपक मंगला और नवीन मंगला शामिल रहे.
