तीन देशों के छह दिवसीय दौरे के पहले चरण में इंडोनेशिया में हैं पीएम मोदी
PM Modi Indonesia Visit (द भारत ख़बर), जर्काता : देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्तमान में तीन देशों के छह दिवसीय दौरे पर हैं। अपनी यात्रा के पहले चरण में सोमवार को पीएम इंडोनेशिया पहुंचे। पीएम आज और कल भी इंडोनेशिया में ही रहेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा, व्यापार, ऊर्जा संबंधी कई समझौते होने की संभावना है। पीएम मोदी आज इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस दौरान ब्रह्मोस सौदे पर भी मुहर लग सकती है। भारत से ब्रह्मोस मिसाइल खरीदने के लिए 2,500 करोड़ के सौदे पर बातचीत अंतिम चरण में है।
इंडोनेशिया पहुंचने पर पीएम का हुआ भव्य स्वागत
तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में सोमवार को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंचे पीएम मोदी का एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। राष्ट्रपति सुबियांतो ने खुद हवाईअड्डे पर पहुंचकर अगवानी की। सुबियांतो के साथ उनके चार मंत्री भी थे। मोदी को गार्ड आॅफ आॅनर दिया गया। पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति के स्वागत करने के अंदाज से वह बहुत प्रभावित हुए। हम दोनों देशों के बीच साझेदारी बढ़ाने पर बात करेंगे। पीएम इंडोनेशिया में 8 जुलाई तक रहेंगे। फिर आॅस्ट्रेलिया व न्यूजीलैंड की यात्रा पर जाएंगे।
बेहद अहम मानी जा रही आज की बैठक
पीएम मोदी की यात्रा भारत की एक्ट ईस्ट नीति, महासागर दृष्टिकोण और स्वतंत्र, खुले तथा समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है। दिल्ली से रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने कहा कि यात्रा के दौरान समुद्री सुरक्षा, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में साझेदारी, व्यापार और निवेश जैसे मुद्दों पर अहम निर्णय लिए जाएंगे। वहीं, द्विपक्षीय वार्ता में सबसे बड़ा आकर्षण ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल सौदा है।
सूत्रों के अनुसार, इंडोनेशिया पहले तय की गई बैटरी की खरीद से आगे बढ़कर अब बड़े पैमाने पर ब्रह्मोस मिसाइल प्रणालियों को खरीदने की तैयारी में है। उम्मीद की जा रही है कि फिलीपीन के बाद इंडोनेशिया ब्रह्मोस खरीदने वाला बड़ा आसियान देश बन जाएगा।
ये भी पढ़ें : Madhya Pradesh Accident : मध्य प्रदेश में हादसे में पांच की मौत, एक गंभीर

