कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी से भारतीय बाजार में आई तेजी
Share Market Live Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : अमेरिका और ईरान के बीच कतर की राजधानी दोहा में चल शांति वार्ता के सकारात्मक परिणाम आने की उम्मीद से भारतीय शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन भी हरे निशान पर खुला। सुबह 12 बजे तक शेयर बाजार में अच्छी तेजी दर्ज की गई।
इस दौरान सेंसेक्स अपने पिछले बंद के मुकाबले 350 व निफ्टी अपने कल के बंद से 100 प्वाइंट ऊपर बिजनेस कर रहा था। जिससे निवेशकों में उत्साह का माहौल है। दूसरी ओर विदेशी मुद्रा बाजार में भारतीय रुपये ने भी शानदार मजबूती दिखाई और शुरूआती कारोबार के दौरान अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 26 पैसे सुधरकर 94.90 के स्तर पर पहुंच गया।
बाजार के जानकारों और तकनीकी विश्लेषकों का मानना है कि निफ्टी वर्तमान में एक कंसॉलिडेशन (दायरे में उतार-चढ़ाव) के दौर से गुजर रहा है। तकनीकी चार्ट के अनुसार, जब तक निफ्टी 23,800 से 24,200 के दायरे को निर्णायक रूप से पार या नीचे की ओर नहीं तोड़ता, तब तक यह इसी सीमित दायरे में बना रहेगा।
बाजार में तेजी के पीछे यह कारण भी
वैश्विक स्तर पर मिश्रित संकेतों के बावजूद घरेलू शेयर बाजार ने नए महीने की शुरूआत काफी सकारात्मक रुख के साथ की है, जहां बेंचमार्क सूचकांकों ने लगभग 0.5 प्रतिशत की बढ़त हासिल की है। इस तेजी को सबसे बड़ा सहारा ईरान-अमेरिका शांति वार्ता से मिला है, जिसके कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें नरम हुई हैं।
तेल की कीमतों में गिरावट भारत जैसे बड़े आयातक देश के लिए व्यापक आर्थिक (मैक्रो-इकोनॉमिक) मोर्चे पर बड़ी राहत लेकर आई है। इसी वजह से गुरुवार को लगातार दूसरे सत्र में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में लगभग 0.35 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। एशियाई और यूरोपीय बाजारों से गुरुवार को मिले-जुले वैश्विक संकेत देखने को मिले, जिसका मिला-जुला असर भारतीय बाजार पर भी दिखाई दिया।

