Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा के गुरुग्राम पुलिस ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर हुई 23.21 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक पता चल है कि ये आरोपी ठगी करने वाले गिरोह को बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। आरोपी मूल रूप से मध्य प्रदेश के रहने वाले है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विकास पांडे निवासी शिवपुरी, मध्य प्रदेश, वर्तमान में ग्वालियर और सुमित सेन निवासी ग्वालियर, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई साइबर अपराध थाना दक्षिण गुरुग्राम की पुलिस ने की है। पुलिस के अनुसार, 9 फरवरी 2024 को एक व्यक्ति द्वारा साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे वॉट्सएप ग्रुप के माध्यम से शेयरों में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का झांसा दिया गया था।
पीड़ित ने जानकारी दी कि ठगों ने उससे विभिन्न बैंक खातों में लगभग 23 लाख 21 हजार रुपए ट्रांसफर करवाकर उसे साइबर ठगी का शिकार बनाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की और साइबर अपराध थाना दक्षिण की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी गई रकम में से 3 लाख रुपए जिस बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे, वह खाता सुभाष राठौड़ के नाम पर था। इस मामले में सुभाष राठौड़ को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि सुभाष ने अपना बैंक खाता 25 हजार रुपए में विकास पांडे और सुमित सेन को दिया था।
जांच में सामने आया है कि इसके बाद, विकास पांडे और सुमित सेन ने वही बैंक खाता 50 हजार रुपए में एक अन्य व्यक्ति को बेच दिया। इस खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए किया गया था।


