Dancer dead (द भारत ख़बर), मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चतुर्भुज स्थान शुक्ला रोड स्थित एक मकान में नर्तकी का शव फंदे से लटका मिला। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाने की पुलिस के साथ टाउन एसडीपीओ 1 सुरेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी साक्ष्य संकलन के लिए बुलाया। मृतका की पहचान करीब 20 वर्षीय सारिका पाल उर्फ मुस्कान के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के लखनऊ की रहने वाली थीं।
6 साल से रह रही थी किराये पर
स्थानीय लोगों के अनुसार मुस्कान पिछले करीब 6 वर्षों से मुजफ्फरपुर के शुक्ला रोड में किराये पर रह रही थी। पिछले कई महीनों से मुस्कान इसी मकान में दूसरे फ्लोर पर रह रही थी।
पड़ोसी ने फंदे से लटका देखा
ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले किरायेदार ने बताया कि अन्य दिनों की तरह मंगलवार की दोपहर करीब साढ़े बारह बजे तक मुस्कान कमरे से बाहर नहीं निकली, जबकि वह दोपहर 12 बजे तक तैयार होकर नीचे आ जाती थी। जब वह नहीं आई तो वह उसे देखने पहुंची। उसके रूम पर पहुंची तो दरवाजा बंद था। दरवाजा खोलने पर देखा कि मुस्कान फंदे से लटकी हुई थी। अंदर का दृश्य देखकर वह सन्न रह गई। इसके बाद वह चिल्लाने लगी। चिल्लाने की आवाज सुनकर लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
मामले पर टाउन एसडीपीओ 1 सुरेश कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ की रहने वाली मुस्कान का फंदे से लटका शव मिला है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं। साक्ष्य संकलन कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

