Delhi-Meerut RRTS: दिल्ली और मेरठ के बीच तेज रफ्तार यात्रा का सपना अब हकीकत बन रहा है। लंबे इंतजार के बाद दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम (RRTS)की नमो भारत ट्रेन ने बृहस्पतिवार को न्यू अशोक नगर से आनंद विहार होते हुए मेरठ के आखिरी स्टेशन मोदीपुरम तक अपना पहला सफल ट्रायल रन पूरा कर लिया।
नमो भारत का ऐतिहासिक ट्रायल रन
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने बताया कि शताब्दीनगर से मोदीपुरम के बीच नमो भारत का ट्रायल रन पहली बार किया गया। इससे पहले ट्रेन केवल मेरठ साउथ से शताब्दीनगर तक ही चलती थी। आज के सफल ट्रायल रन के बाद लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। सोशल मीडिया पर ट्रेन के वीडियो और फोटो जमकर वायरल हो रहे हैं।
दिल्ली-मेरठ सफर अब और आसान
इस ट्रायल रन के दौरान नमो भारत ट्रेन मेरठ के अंडरग्राउंड सेक्शन से भी होकर गुज़री। इससे मेरठ के शहर को सीधे दिल्ली से जोड़ने की दिशा में यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। NCRTC के अधिकारियों के अनुसार, जून 2025 तक इस रूट पर नियमित संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
फिलहाल 55 KM, जल्द 82 KM पूरा कॉरिडोर
फिलहाल यह हाई-स्पीड ट्रेन न्यू अशोक नगर से लेकर मेरठ साउथ के बीच 55 किलोमीटर के सेक्शन पर चल रही है। इस रूट में शामिल प्रमुख स्टेशन हैं:
न्यू अशोक नगर
आनंद विहार
साहिबाबाद
गाजियाबाद
गुलधर
दुहाई
मोदीनगर नॉर्थ
मोदीनगर साउथ
मेरठ साउथ
पूरा 82 किलोमीटर का कॉरिडोर चालू होने के बाद दिल्ली से मेरठ का सफर महज 55 मिनट में पूरा हो सकेगा। यह प्रोजेक्ट मेरठ मेट्रो को भी जोड़ता है और NCR में यात्रा करने वालों के लिए क्रांतिकारी बदलाव लाने वाला है।
वीडियो वायरल, लोग गदगद
मोदीपुरम पहुंचते ही स्थानीय लोग इस ऐतिहासिक पल को अपने कैमरे में कैद करने लगे। सोशल मीडिया पर ट्रेन के अंदर और बाहर के शानदार वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। इससे साफ है कि इस ट्रेन का आम जनता में जबरदस्त क्रेज है।