नई दिल्ली. पिछले कुछ दिनों से लगातार चल रहे प्रदर्शन की जगह पर नई गाइड लाइन जारी की गई है. दिल्ली में धरना-प्रदर्शन को लेकर पुलिस की तरफ से इसे जारी किया गया है. जो नया आदेश जारी किया गया है उसके मुताबिक तीन जगह बताए गए हैं. नए आदेश के तहत रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी ग्राउंड को प्रदर्शन के लिए निर्धारित किया गया है. जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में डी-नोटिफाई करने का फैसला लिया गया है.
देश की राजधानी में पिछले काफी दिनों से छात्रों को बाकी लोगों की तरफ से आंदोलन की जगह की मांग की जा रही थी. सुप्रीम कोर्ट ने भी इसे लेकर सख्स आदेश दिए थे. दिल्ली में धरना-प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थानों को लेकर पुलिस ने नई व्यवस्था लागू करने की दिशा में कदम उठाया है. दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार की ओर से इस संबंध में नया स्टैंडिंग ऑर्डर जारी किया गया है. इसके तहत राजधानी में विरोध-प्रदर्शन आयोजित करने के लिए तीन वैकल्पिक स्थान तय किए गए हैं. इस फैसले से दिल्ली में प्रदर्शन की अनुमति और उसके आयोजन से जुड़ी व्यवस्था में बदलाव होगा.
अब जो नया आदेश सामने आया है उसके मुताबिक रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और पूर्वी दिल्ली स्थित सीबीडी ग्राउंड को धरना-प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थान बनाया गया है. इन स्थानों को चुनने के पीछे प्रदर्शनकारियों के अधिकारों और सार्वजनिक व्यवस्था के बीच संतुलन बनाने का उद्देश्य बताया गया है. जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में डी-नोटिफाई किए जाने के बाद इन तीन स्थानों की भूमिका अहम हो जाएगी. इन जगहों पर प्रदर्शन आयोजित करने की प्रक्रिया और जरूरी शर्तों को लेकर अलग-अलग विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की जाएगी.
दिल्ली पुलिस का यह निर्णय केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से गठित समिति की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है. नई व्यवस्था तैयार करते समय नागरिकों के धरना-प्रदर्शन के अधिकार को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक स्थान निर्धारित किए गए हैं. दिल्ली पुलिस ने इस नई व्यवस्था के लिए 28 अप्रैल 2022 को जारी किए गए पुराने स्टैंडिंग ऑर्डर में आंशिक संशोधन किया है. नए आदेश की जानकारी दिल्ली पुलिस के सभी वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न जिलों को भेज दी गई है.

