- प्रतिदिन चस्पा होगी सिलेंडर वितरण उपभोक्ताओं की सूची
Gas Cylinder Monitoring(मेरा हरियाणा नेटवर्क )चरखी दादरी। जिला में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। ऐसे में किसी को भी अफवाहों के कारण अफरा तफरी करने की आवश्यकता नहीं है। लोगों की सुविधा को देखते हुए उपायुक्त डा. मुनीश नागपाल ने जिला की सभी आठ एजेंसियों पर निगरानी के लिए अधिकारी भी नियुक्त कर दिए हैं। साथ ही संबंधित एसडीएम को अपने क्षेत्र का नोडल अधिकारी लगाया है। शुक्रवार को उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और सभी एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि सभी एजेंसी उनके यहां उपलब्ध स्टॉक की पूर्ण जानकारी अपने परिसर के बाहर चस्पा करे और साथ ही जिन उपभोक्ताओं को अगले दिन सिलेंडर दिए जाने हैं उनकी सूची भी पहले दिन रात को या अल सुबह बाहर लगा दें। इससे एजेंसी के बाहर भीड़ नहीं होगी और लोगों को पता चल जाएगा कि सिलेंडर किसको मिलना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हाल ही में सिलेंडर बुकिंग को लेकर सरकार द्वारा नियमों में किए गए बदलाव का प्रत्येक एजेंसी को पालन करना है।
उन्होंने कहा कि एसडीएम योगेश सैनी और आशीष सांगवान अपने अपने क्षेत्र में गैस वितरण के कार्य की निगरानी व समीक्षा के लिए नोडल अधिकारी होंगे। इसके अलावा खाद्य एवं पूर्ति विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी सभी एजेंसी का स्टॉक और रिकार्ड प्रतिदिन मिलान करेंगे। उपायुक्त ने कहा कि फिलहाल जिला में 3375 गैस सिलेंडर उपलब्ध है जोकि मांग 2233 से काफी ज्यादा हैं। इसके अलावा प्रतिष्ठाने में प्रयोग किए जाने वाले 144 व्यवसायिक सिलेंडर भी उपलब्ध हैं। इसको लेकर सरकार के निर्देशों पर वितरण निर्धारण के लिए कमेटी का गठन कर दिया है।
बैठक में एसडीएम योगेश सैनी, डीएफएससी नीतू, डीएसपी धीरज कुमार व गैस एजेंसियों के प्रतिनिधी और विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


