समुद्री सीमाओं पर मौजूद महत्वपूर्ण जगहों पर ड्रोन हमले के मिले खुफिया इनपुट
Drone Attack Alert (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : भारत की सीमाएं एक बार फिर से आतंकवादियों के निशाने पर हैं। खुफिया इनपुट मिले हैं कि आतंकी संगठन ड्रोन से महत्वपूर्ण ठिकानों पर हमले करने की फिराक में हैं। हालांकि इस बार यह इनपुट थल सीमाओं को लेकर नहीं बल्कि समुद्री सीमाओं को लेकर सामने आया है।
ये इनपुट मिलने के बाद केंद्र सरकार अलर्ट हो गई है और चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि सीमाओं पर मौजूद महत्वपूर्ण ठिकानों पर दुश्मन ड्रोन हमला कर सकता है। इन्हीं इनपुट के चलते जहाज और जलमार्ग मंत्रालय के समुद्री सुरक्षा विंग ने जमीन और समुद्री सीमाओं के पास मौजूद महत्वपूर्ण संपत्तियों और ठिकानों पर ड्रोन अटैक को लेकर अलर्ट जारी किया है।
एंटी ड्रोन सिस्टम लगाने में जुटी एजेंसियां
दुनिया के मौजूदा हालात को देखकर यह साफ है कि दुश्मन के ड्रोन हमारे जरूरी ठिकानों के कामकाज को ठप कर सकते हैं। इस चेतावनी के बाद सुरक्षा एजेंसियां देशभर के खास ठिकानों को सुरक्षित रखने के लिए एंटी ड्रोन सिस्टम लगाने में जुट गई हैं। मंत्रालय द्वारा जारी किए गए पत्र में लिखा गया है कि हमें जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने होंगे, खासकर सीमा के पास बने अपने ठिकानों को खतरनाक ड्रोनों से बचाने के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाने होंगे।
पाकिस्तानी सीमा पर भी लगाए जा रहे एंटी ड्रोन सिस्टम
गृह मंत्रालय ने भी सीमा सुरक्षा बल के तहत एक खास कमेटी बनाई है। इस कमेटी का काम भारत के लिए सबसे अच्छे एंटी-ड्रोन सिस्टम को जांचना और पास करना है। सूत्रों ने बताया कि बीएसएफ पाकिस्तान सीमा से सटे पंजाब के इलाकों में इन सिस्टमों को लगाने की तैयारी कर रही है, और इसके लिए बाकायदा ट्रायल भी शुरू हो चुके हैं।
बठिंडा में पकड़ा जासूसी गिरोह
बठिंडा में पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ करने में कामयाबी हासिल की है जो भारतीय सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की गतिविधियों को खूफिया कैमरे से न केवल रिकॉर्ड कर रहे थे बल्कि विदेशों में बैठे अपने आका तक भी भेज रहे थे। यह गिरोह पर सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा संवेदनशील जानकारी विदेशों में बैठे देश विरोधी तत्वों तक पहुंचाने का आरोप है।मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

