भारतीय समय अनुसार रात आठ बजे से ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा फाइनल
Women T20 World Cup Final (द भारत ख़बर), खेल डेस्क : महिला टी20 विश्व कप अपने अंजाम तक पहुंच चुका है। भारतीय समय अनुसार रात आठ बजे ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच फाइनल खेला जाएगा। ज्ञात रहे कि 12 जून से शुरू हुए इस विश्व कप में अभी तक दोनों टीमें अजेय हैं। आज शाम को जब दोनों टीमें मैदान में उतरेंगी तो आॅस्ट्रेलिया का लक्ष्य सातवीं बार विश्व विजेता बनने पर होगा वहीं इंग्लैंड की टीम अपने मैदान पर दूसरी बार खिताब अपने नाम करना चाहेगी। यह मैच लॉडर्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा।
इस विश्व कप में दोनों का प्रदर्शन एक जैसा
इस विश्व कप में इंग्लैंड और आॅस्ट्रेलिया दोनों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में जबरदस्त प्रदर्शन किया है। ऑस्ट्रेलिया ने पूरे टूनार्मेंट में 9.4 रन प्रति ओवर की रन गति से बल्लेबाजी की है, जबकि इंग्लैंड का रन रेट 9.2 रहा। दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने सात-सात अर्धशतक लगाए हैं, जो इस संस्करण में सबसे अधिक हैं। गेंदबाजी में भी आॅस्ट्रेलिया सबसे आगे रही है। उसकी गेंदबाजी इकाई का संयुक्त इकोनॉमी रेट 6.2 और औसत 16.3 है, जबकि इंग्लैंड का इकोनॉमी 7.1 और औसत 18.9 रहा है।
2009 का प्रदर्शन दोहराना चाहेगा इंग्लैंड
इंग्लैंड के लिए लॉर्ड्स बेहद खास रहा है। 2009 में इसी मैदान पर चार्लोट एडवर्ड्स की कप्तानी में टीम ने ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में हराकर पहला टी20 विश्व कप जीता था। इस बार उसी विजेता टीम की कप्तान चार्लोट एडवर्ड्स इंग्लैंड की मुख्य कोच हैं। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया की मौजूदा कोच शेली निट्शके 2009 में हारने वाली टीम का हिस्सा थीं। ऐसे में इंग्लैंड इतिहास दोहराने की उम्मीद लेकर मैदान पर उतरेगा।
इंग्लैंड के लिए यह खिलाड़ी अहम
कप्तान नेट साइवर-ब्रंट ने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार वापसी करते हुए 23/3 की मुश्किल स्थिति से टीम को बाहर निकाला। चोट से वापसी करने वाली साइवर-ब्रंट ने हीदर नाइट के साथ मैच जिताऊ साझेदारी की और बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। कप्तान के रूप में वह अपनी पहली टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीतना चाहेंगी।
बेथ मूनी पर रहेगी ऑस्ट्रेलिया की उम्मीद
आॅस्ट्रेलिया की स्टार बल्लेबाज बेथ मूनी बड़े मुकाबलों की खिलाड़ी मानी जाती हैं। उन्होंने सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ 36 गेंदों में नाबाद 61 रन बनाए। टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में उनका औसत 72.00 है और 2020 व 2023 के खिताब जीतने में उनकी अहम भूमिका रही थी।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
इंग्लैंड: एमी जोन्स (विकेटकीपर), डैनी वायट-हॉज, नेट साइवर-ब्रंट (कप्तान), एलिस कैप्सी, हीदर नाइट, फ्रेया केम्प, डैनी गिब्सन, चार्ली डीन, सोफी एक्लेस्टोन, लिंसी स्मिथ, लॉरेन बेल।
ऑस्ट्रेलिया: जॉर्जिया वॉल, बेथ मूनी (विकेटकीपर), फीबी लिचफील्ड, एलिस पेरी, एश्ले गार्डनर, जॉर्जिया वेयरहैम, एनाबेल सदरलैंड, निकोला कैरी, सोफी मोलिन्यूक्स (कप्तान), किम गार्थ, लूसी हैमिल्टन।

