बजट सत्र का आज दूसरा दिन, एक फरवरी को पेश होगा देश का बजट
Budget Session 2026 (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : संसद में वर्तमान में बजट सत्र चल रहा है। आज इसका दूसरा दिन है। आज देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी। माना जाता है कि आर्थिक सर्वेक्षण के साथ ही देश के आम बजट पेश करने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। इसमें चालू वित्त वर्ष का आर्थिक लेखाजोखा होता है। इसमें सरकार पिछले बजट में स्वीकृत की गई बजट राशि और प्रावधानों का कितना इस्तेमाल हुआ। देश के सामने कौन-कौन सी मुख्य आर्थिक समस्याएं हैं आदि का ब्योरा भी शामिल होता है। ज्ञात रहे कि सरकार रविवार एक फरवरी को वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगी।
इस बार बजट सत्र दो हिस्सों में बांटा
बजट सत्र को दो हिस्सों में बांटा गया है। पहला चरण 13 फरवरी तक चलेगा। इसके बाद सत्र स्थगित रहेगा और दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलने की संभावना है। इस अंतराल में संसदीय समितियां बजट प्रस्तावों की गहन समीक्षा करेंगी। इस बार केंद्रीय बजट 1 फरवरी को पेश किया जाएगा, जो रविवार है। संसद के इतिहास में यह एक दुर्लभ अवसर है। सरकार ने इस दिन को आधिकारिक तौर पर बजट डे घोषित किया है। निर्मला सीतारमण का यह लगातार नौवां बजट होगा, जिससे उनसे बड़े आर्थिक फैसलों की उम्मीद की जा रही है। यह बजट ऐसे समय में आ रहा है, जब वैश्विक अर्थव्यवस्था पर अमेरिका की टैरिफ नीतियों और अंतरराष्ट्रीय अस्थिरता का दबाव बना हुआ है।
इस पर होगा केंद्र सरकार का फोकस
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार वित्त वर्ष 2026-27 के लिए कौन-सा आर्थिक रोडमैप पेश करती है। महंगाई, रोजगार, बुनियादी ढांचा और वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बीच यह बजट राजनीतिक और आर्थिक दोनों दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। जानकारों का कहना है कि इस बजट में केंद्र सरकार विकसित भारत 2047 का रोडमैप तैयार करने की कोशिश करेगी। इसके साथ ही एक तरफ भारत की उच्च विकास दर बनाए रखने पर फोकस होगा तो वहीं सरकार चाहेगी की बजट में इस तरह के प्रयास किए जाएं कि भारत की बुनियादी व्यवस्था मजबूत हो सके।
ये भी पढ़ें : Gold Price Update : सोने और चांदी के दाम में मजबूती जारी

