सड़क किनारे पेड़ से टकराई बोलेरो, 9 लोग थे सवार, राजस्थान में कैला देवी के दर्शन करके लौट रहे थे इटावा और औरैया के रहने वाले श्रद्धालू
Agra Accident News (द भारत ख़बर), आगरा : आगरा में गुरुवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि एक दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत होने का समाचार है। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में पिता-पुत्र भी शामिल है। हादसा सड़क किनारे पेड़ में बोलेरो गाड़ी के टकराने से हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों व घायलों को वााहन से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद आज उनके परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
तेज गति वाहन से चालक ने खोया नियंत्रण
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा तेज गति वाहन से चालक द्वारा नियंत्रण खो देने के चलते हुआ। जब बोलेरो गाड़ी आगरा के थाना चित्राहाट क्षेत्र में पहुंची तो चालक ने इससे नियंत्रण खो दिया। जिससे गाड़ी सीधी सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। चार लोग घायल हैं। बताया जा रहा है कि इटावा और औरैया के श्रद्धालु राजस्थान में कैला देवी के दर्शन के लिए गए थे। बृहस्पतिवार रात को श्रद्धालु बोलेरो से लौट रहे थे। रास्ते में आगरा के थाना चित्राहाट क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ में जा घुसी।
हादसे में इन लोगों की गई जान
हादसे से मौके पर चीखपुकार मच गई। लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। बोलेरो में नौ लोग सवार थे। इनमें चार घायल हैं। हादसे में कांता प्रसाद पुत्र कुंवर पाल (70 वर्ष), उनका बेटा देवेंद्र (35 वर्ष), देवेंद्र की पत्नी सीमा देवी (32 वर्ष), आराध्या पुत्री नीरज (तीन वर्ष) सभी निवासी इटावा, रिषी पुत्र चरन सिंह (20 वर्ष) निवासी औरैया की मौत हो गई। हादसे में रोशनी पुत्री दीपक (22 साल), अवनीश पुत्र राजेंद्र, आदित्य पुत्र देवेंद्र, रिषभ पुत्र दीपक घायल हुए हैं।

