हादसे में मरने वाले सभी कार में सवार थे, बस में बैठे 17 यात्री घायल
UP Road Accident (द भारत ख़बर), उन्नाव : प्रदेश के उन्नाव जिले में आज सुबह हुए एक दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर कार से टकरा गई। टक्कर के बाद बस डिवाइडर की ग्रिल तोड़ते हुए खंती में पलट गई, जिससे पांच लोगों की जान चली गई।
बताया जा रहा है कि हादसे में क्षतिग्रस्त कार में कुल 8 लोग सवार थे। इनमें से 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दिव्या (13), अमृता (5), अंजू (40), धुनमुन (60) और कार चालक विनोद (45) शामिल हैं। कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें बांगरमऊ सीएचसी से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
बस में सवार 17 यात्री घायल
बस में कुल 85 यात्री सवार थे। बस के पलटने से 17 से अधिक यात्री भी चोटिल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत बचाव कार्य शुरू किया।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे में हुए हादसे में 8 की मौत
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर राजस्थान के दौसा जिले में एक दर्दनाक हादसा होने से आठ लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब ऋषिकेश से इंदौर जा रही प्राइवेट टूर एंड ट्रेवल की बस अपने आगे जा रहे ट्रेलर से टकरा गई।
हादसा इतना ज्यादा भयानक था कि टक्कर होते ही दोनों वाहनों में आग लग गई। जिससे छह लोग जिंदा जल गए जबकि दो की मौत अन्य गंभीर चोटें लगने के चलते हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची। जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इसके साथ ही मृतकों के शव भी पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजे गए।
बुधवार सुबह करीब 2.30 पर हुआ हादसा
हादसा राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कोलवा थाना क्षेत्र में मंगलवार और बुधवार के बीच की रात को करीब 2.30 बजे हुआ। बस आगे चल रहे ट्रेलर से भिड़ गई। हादसे के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। एक्सीडेंट में कुल 8 लोगों की मौत हुई है। इनमें 6 लोगों की मौत आग में झुलसने और 2 की सिर में चोट लगने के कारण हुई है। बस ऋषिकेश से इंदौर जा रही थी। हादसे में 21 लोग घायल हैं। इन्हें दौसा जिला हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है।

