दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोना 600 रुपए जबकि चांदी दो हजार रुपए टूटी
Gold-Silver Price Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा। अमेरिका ने जहां ईरान पर जोरदार हमले करने की बात कही है तो वहीं ईरान ने भी किसी दबाव का मुंहतोड़ जवाब देने की चेतावनी दी है। इससे पश्चिम एशिया में चल रहा तनाव लगातार गहराता जा रहा है। इस तनाव का असर देश के सर्राफा बाजार पर सीधे तौर पर दिखाई दे रहा है। पिछले कुछ दिन से सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को भी दिल्ली सर्राफा बाजार में इन दोनों कीमती धातुओं के दाम में गिरावट दर्ज की गई।
दिल्ली सर्राफा बाजार में इस तरह रहे सोने-चांदी के दाम
मंगलवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत भी 600 रुपए या 0.4 प्रतिशत फिसलकर 1,53,200 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गई है। पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,53,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं चांदी की बात करें तो चांदी की कीमत में 2,000 रुपए या लगभग 1 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई है। यह सोमवार के 2,42,000 रुपए के मुकाबले गिरकर 2,40,000 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) पर आ गई है।
शेयर बाजार में तेजी जारी, सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान पर बंद
वैश्विक बाजारों में तेजी के कारण निवेशकों का मनोबल बढ़ने से मंगलवार को शेयर बाजार के बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी दर्ज की गई। आईटी शेयरों में खरीदारी ने शुरुआती नुकसान के बाद बाजारों में रिकवरी में मदद की। घरेलू शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन हरे निशान पर क्लोजिंग हुई है। मंगलवार को शुरूआती गिरावट से ऊबरकर 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 509.73 अंक या 0.69 प्रतिशत बढ़कर 74,616.58 पर बंद हुआ।
दिन के दौरान, इसने 74,686.32 का उच्च और 73,282.41 का निम्न स्तर छुआ, जिसमें 1,403.91 अंकों का उतार-चढ़ाव आया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 155.40 अंक या 0.68 प्रतिशत चढ़कर 23,123.65 पर बंद हुआ। भारतीय रुपया दोपहर 3:30 बजे तक डॉलर के मुकाबले 0.1% बढ़कर 92.98 पर पहुंच गया। पिछले सत्र में रुपया 93.06 के स्तर पर बंद हुआ था।
ये भी पढ़ें : US-Iran War Breaking News : अमेरिका-ईरान ने की सीजफायर की घोषणा

