दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी 17 हजार रुपए तो सोना 1300 रुपए बढ़त के साथ हुआ बंद
Gold Price Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारतीय सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में अस्थिरता का दौर जारी है। कभी यह तेजी से नीचे गिर रहे हैं तो कभी तेजी से ऊपर जा रहे हैं। यह अस्थिरता सर्राफा बाजार में सप्ताह के पहले दिन भी देखने को मिली जब दोनों कीमती धातुओं के दाम में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। सोमवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में दोनों धातुएं महंगी रहीं। हालांकि सोने की अपेक्षा चांदी के दाम ज्यादा उछले। जानकारों का कहना है कि वैश्विक बाजारों में आई तेजी और कमजोर होते अमेरिकी डॉलर के चलते घरेलू बाजार में सफेद धातु यानी चांदी के दाम आसमान छूने लगे हैं।
इस तरह रहे दोनों के दाम
सोमवार को चांदी की कीमत में एक ही दिन में 17,000 रुपये प्रति किलोग्राम की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, सोने की कीमतों में भी तेजी का रुख रहा और यह 1.58 लाख रुपये के स्तर को पार कर गया। बाजार के जानकारों का मानना है कि सुरक्षित निवेश के तौर पर कीमती धातुओं की मांग बढ़ने से यह तेजी आई है। सोमवार को चांदी की कीमत 6.66 प्रतिशत उछलकर 2.72 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। शुक्रवार को इसका बंद भाव 2.55 लाख रुपये प्रति किलोग्राम था, जिसमें आज 17,000 रुपये का इजाफा हुआ है। इसी तरह 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में भी 1,300 रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया।
हरे निशान पर बंद हुआ शेयर बाजार
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 485.35 अंक या 0.58 प्रतिशत बढ़कर 84,065.75 पर बंद हुआ। दिन के दौरान, बेंचमार्क 734.28 अंक या 0.87 प्रतिशत बढ़कर 84,314.68 के अंतदेर्शीय उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 173.60 अंक या 0.68 प्रतिशत बढ़कर 25,867.30 पर बंद हुआ। सत्र के दौरान, सूचकांक 228.55 अंक या 0.88 प्रतिशत चढ़कर 25,922.25 के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। 30 शेयरों वाली कंपनियों में से स्टेट बैंक आॅफ इंडिया, टाइटन, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील, इटरनल, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडिगो, ट्रेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो, सन फार्मास्यूटिकल्स और एशियन पेंट्स लाभ कमाने वाली कंपनियां थीं।

