Himachal Weather, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली/ शिमला: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राजधानी शिमला सहित कई जगहों पर शुक्रवार को बारिश हुई। प्रदेश के अन्य निचले और मध्यम ऊंचाई वाले हिस्सों में भी बारिश जबकि पर्वतीय इलाकों लाहौल-स्पीति, मनाली आदि में बर्फबारी हुई। शिमला में दोपहर में अंधेरा छा गया और कुछ देर बाद बारिश शुरू हो गई। सोलन में भी सुबह से बादल छाए थे और दोपहर बाद बारिश हुई।
हिमाचल : 9 अप्रैल तक राज्य में बारिश और हिमपात की संभावना
देश के अन्य राज्यों, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र सहित कई जगह बारिश की संभावना है, जिसको लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक अगले सप्ताह 9 अप्रैल तक राज्य के अधिकतर इलाकों में बारिश और हिमपात का सिलसिला जारी रहेगा, जिससे तापमान में गिरावट की संभावना है। मौसम विज्ञानियों ने प्रदेश के 10 जिलों में बारिश के साथ तेज आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई है।
पंजाब का पटियाला गुरुवार को राज्य का सबसे गर्म जिला दर्ज
गुरुवार को शिमला व हिमाचल के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम साफ रहा और इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री पहुंच गया। पंजाब का पटियाला गुरुवार को 36.8 डिग्री तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। बता दें कि मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता का पूर्वानुमान जताया है और इसी के प्रभाव से प्रदेश में मौसम ने दोबारा करवट ली है। कांगड़ा, शिमला, मंडी व चंबा के कई इलाकों में तेजी आंधी-तूफान के साथ ओले गिरने का आॅरेंज अलर्ट है।
प्रदेश में 125 वर्ष में मार्च में 56वीं सबसे ज्यादा बारिश
हिमाचल में इस मार्च में 125 वर्ष में 56वीं सबसे ज्यादा बारिश 93.6 मिलीमीटर दर्ज की गई है। गुरुवार को मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई। इसके मुताबिक मार्च में 1901 के बाद से अब तक की सबसे ज्यादा बारिश वर्ष 1948 में 382 मिलीमीटर दर्ज की गई थी।
चंडीगढ़ व हरियाणा में भी कई जगह अलर्ट
पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से चंडीगढ़ और हरियाणा व पंजाब के भी कई इलाकों में आंधी-बारिश और ओले गिरने की संभावना है। हरियाणा के लगभग सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी है। 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती है। गुरुवार की रात हिसार, फतेहाबाद और सिरसा में तेज आंधी चली। वहीं हिसार में तेज बारिश हुई।
हिमस्खलन की आशंका, पर्यटकों की एंट्री बैन
हिमाचल और जम्मू कश्मीर में हिमस्खलन की आशंका जताई गई है। अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल इलाके में एवलांच के खतरे को देखते हुए पर्यटकों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है। वहीं जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में लोगों को पहाड़ी और बफीर्ले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें : Weather Updates: उत्तर-पश्चिम भारत में पांच अप्रैल तक बारिश जारी रहने का अनुमान

