कहा, पिछले साल से ज्यादा तेज रहेगी देश की आर्थिक वृद्धि की रफ्तार
GDP Growth Rate (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : नया साल शुरू होने के बाद पहली बार केंद्र सरकार ने देश की जीडीपी विकास दर पर बात करते हुए इसके वृद्धि अुनमान को बढ़ा दिया है। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की ओर से जारी राष्ट्रीय आय के पहले अग्रिम अनुमानों के मुताबिक, इस वृद्धि को मुख्य रूप से विनिर्माण और सेवा क्षेत्रों के बेहतर प्रदर्शन से बल मिलेगा।
इस तेजी के पीछे घरेलु उद्योगों के बेहतर परिणाम, कृषि की बेहतर पैदावार और जीएसटी सुधारों के बाद बदले हालात को मुख्य कारण बताया है। इसी सब के चलते सरकार ने चालू वित्त वर्ष के लिए जीडीपी के अनुमानों को बढ़ा दिया है। अग्रिम अनुमानों के अनुसार 2025-26 में जीडीपी में 7.4 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है। सरकार की ओर से बुधवार को जारी आंकड़े देश की आर्थिक गतिविधियों में तेजी का स्पष्ट संकेत देते हैं।
सेवा और कृषि क्षेत्र में भी रहेगी तेजी
सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने अपनी रिपोर्ट में साफ किया है कि सेवा क्षेत्र में जोरदार तेजी वित्त वर्ष 2025-26 में 7.3 प्रतिशत की अनुमानित वास्तविक जीवीए (ग्रॉस वॅल्यू एडेड) वृद्धि दर का एक प्रमुख चालक रही है। जहां एक तरफ उद्योग और सेवा क्षेत्र में तेजी का रुख है, वहीं दूसरी तरफ कृषि और संबद्ध क्षेत्रों के साथ-साथ ‘बिजली, गैस, जलापूर्ति और अन्य उपयोगिता सेवाओं’ में 31 मार्च को समाप्त होने वाले चालू वित्त वर्ष के दौरान मध्यम वृद्धि रहने का अनुमान है। इसके अलावा, व्यापक आर्थिक तस्वीर को देखें तो मंत्रालय ने बताया है कि मौजूदा कीमतों पर जीडीपी के 2025-26 के दौरान 8 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान है।
द्विपक्षीय समझौतों से मिलेगा विकास को बढ़ावा
पिछले कुछ समय से बदली वैश्विक व्यापार की धारणा के बाद भारत ने भी अपनी व्यापार नीति में बदलाव किए हैं। किसी एक देश पर निर्भरता की अपेक्षा अब लगातार कई देशों के साथ द्विपक्षीय समझौते किए जा रहे हैं। इनमें से बहुत सारे समझौते इसी वित्त वर्ष से लागू हो जाएंगे। जिससे भारतीय सामान को नए बाजार और अवसर मिलेंगे। देश का निर्यात बढ़ेगा और इसका देश की अर्थव्यवस्था के विकास में शानदार योगदान रहेगा। केंद्र सरकार का लक्ष्य देश को आने वाले तीन वर्ष में विश्व की तीसरी सबसे बढ़ी अर्थव्यवस्था बनाना है।
ये भी पढ़ें : Share Market Update : दिनभर की उथल-पुथल के बीच टूटा शेयर बाजार

