नाथद्वारा. राजस्थान के नाथद्वारा स्थित डॉ. मदन पालीवाल मिराज स्टेडियम में STCL सल्यूट तिरंगा क्रिकेट लीग सीजन-1 का 21 अक्टूबर को भव्य शुभारंभ हुआ। STCL Sports and Entertainment Private Limited की ओर से आयोजित इस लीग में देशभर के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल रहा है। टूर्नामेंट में आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं और मुकाबले 28 अक्टूबर तक खेले जाएंगे।
लीग के लिए देश के 11 शहरों पटना, कोलकाता, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, जयपुर, चंडीगढ़, दिल्ली, अलीगढ़ और लखनऊ में ओपन ट्रायल आयोजित किए गए। इनमें करीब 15,000 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन के आधार पर 450 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। इसके बाद नोएडा में आयोजित फाइनल चयन कैंप में पूर्व भारतीय क्रिकेटर और लीग कमिश्नर चेतन शर्मा तथा क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी के चेयरमैन और लीग मेंटर अशोक मल्होत्रा की निगरानी में 128 खिलाड़ियों का चयन किया गया।
सीजन-1 में दिल्ली लीडर्स, गुजरात रॉयल्स, हरियाणा लायंस, मुंबई मैवरिक्स, पंजाब फाल्कन, राजस्थान फ्रंटियर्स, तमिलनाडु थंडर्स और यूपी धुरंधर की टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट के पहले दिन राजस्थान फ्रंटियर्स को हराकर हरियाणा लायंस ने जीत से शुरुआत की। दूसरे मुकाबले में गुजरात रॉयल्स ने दिल्ली लीडर्स को शिकस्त दी।
22 अक्टूबर को मुंबई मैवरिक्स और तमिलनाडु थंडर्स के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। मुंबई ने 150 रन का लक्ष्य रखा। तमिलनाडु की टीम ने संघर्ष करते हुए स्कोर बराबर कर दिया, जिसके बाद मैच का फैसला सुपर ओवर में हुआ। इसमें तमिलनाडु थंडर्स ने जीत हासिल की। दूसरे दिन पूर्व भारतीय क्रिकेटर और 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य मदन लाल तथा सल्यूट तिरंगा USA के अध्यक्ष डॉ. करतार सिंह मौजूद रहे। उन्होंने प्लेयर ऑफ द मैच खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
लीग के मुकाबलों का सीधा प्रसारण Sony LIV, DD Sports और AVP Sports पर किया जा रहा है। आयोजकों के मुताबिक, STCL का उद्देश्य जमीनी स्तर की क्रिकेट प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।

