Haryana News: हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने राज्य के किसानों को आधुनिक व वैज्ञानिक खेती से जोड़ने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 के दौरान ‘एकीकृत बागवानी विकास केंद्र, सुंदरह, महेंद्रगढ़’ में राज्य भर के किसानों के लिए विभिन्न प्रकार की बागवानी तकनीकों का नि:शुल्क 05 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
राणा ने कहा कि सरकार का मुख्य ध्येय किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ-साथ उच्च मूल्य वाली बागवानी फसलों, जैविक खेती और संरक्षित खेती की ओर प्रोत्साहित करना है ताकि उनकी आय में स्थायी वृद्धि हो सके। कृषि मंत्री ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि सुंदरह स्थित केंद्र में अलग-अलग विषयों पर विशेष ट्रेनिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें 7 सितंबर से 11 सितंबर 2026 तथा 14 दिसंबर से 18 दिसंबर 2026 तक सब्जियों की संरक्षित खेती पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त 14 सितंबर से 18 सितंबर 2026, 5 अक्टूबर से 9 अक्टूबर 2026 तथा 2 नवंबर से 6 नवंबर 2026 के दौरान मशरूम उत्पादन एवं तकनीकों पर गहन व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। वहीं, 12 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक बागवानी फसलों की जैविक खेती पर सत्र का आयोजन होगा, तथा 16 नवंबर से 20 नवंबर 2026 और 7 दिसंबर से 11 दिसंबर 2026 तक ओपन फील्ड में बागवानी फसलों के उत्पादन का प्रशिक्षण मिलेगा।
श्याम सिंह राणा ने आगे बताया कि प्रदेश के युवाओं और किसानों को नर्सरी प्रबंधन में आत्मनिर्भर बनाने के लिए ‘हरियाणा बागवानी नर्सरी नियम 2026’ के तहत विशेष ट्रेनिंग मॉड्यूल तैयार किए गए हैं, जिनका आयोजन 30 नवंबर से 04 दिसंबर 2026, 28 दिसंबर 2026 से 1 जनवरी 2027, 18 जनवरी से 22 जनवरी 2027, 1 फरवरी से 05 फरवरी 2027 तथा 15 फरवरी से 19 फरवरी 2027 तक किया जाएगा। इसके अलावा, नए बागों के पौधरोपण व फल उत्पादन तकनीकों पर 4 जनवरी से 8 जनवरी 2027 तक 5 दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित होगा।
एक सरकारी प्रवक्ता ने आगे बताया कि हरियाणा के सभी जिलों के 18 से 60 वर्ष की आयु के किसान उद्यान विभाग के पोर्टल kaushal.hortharyana.gov.in के माध्यम से अपना ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रत्येक प्रशिक्षण बैच के लिए 20 सीटें निर्धारित की गई हैं, और अभ्यर्थियों का चयन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान रात्रि ठहराव की व्यवस्था नहीं होगी तथा चयनित अभ्यर्थियों को पहले दिन आधार कार्ड एवं परिवार पहचान पत्र (PPP) की फोटोकॉपी प्रस्तुत करनी होगी।

