Yamunanagar Army Drill Accident: हरियाणा के यमुनानगर जिले में हथिनीकुंड बैराज के पास मंगलवार को सेना की ट्रेनिंग और मॉक ड्रिल के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यमुना नदी के तेज बहाव में सेना की मोटरबोट तकनीकी खराबी के बाद डूबने लगी। नाव पर सवार चार जवान पानी में गिर गए। इनमें से तीन जवान तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि एक जवान अभी लापता है। उसकी तलाश के लिए सेना और प्रशासन की टीमें सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
ट्रेनिंग के दौरान आई तकनीकी खराबी
जानकारी के मुताबिक सेना के जवान हथिनीकुंड बैराज के अपस्ट्रीम हिस्से में जल आधारित प्रशिक्षण अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान जवानों को हेलीकॉप्टर के जरिए मोटरबोट पर उतारा गया। इसके बाद मोटरबोट में अचानक तकनीकी खराबी आ गई और वह तेज बहाव में डूबने लगी। नाव पर मौजूद चार जवानों ने स्थिति बिगड़ने पर पानी में छलांग लगा दी। सभी ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी। तेज धारा उन्हें पश्चिमी यमुना नहर की दिशा में बहाकर ले गई। तीन जवान किसी तरह तैरकर सुरक्षित स्थान तक पहुंच गए, लेकिन चौथे जवान का पता नहीं चल सका।
550 मीटर तक तैरकर निकले 3 जवान
सुरक्षित निकले जवानों ने तेज बहाव के बीच काफी दूरी तक तैरकर अपनी जान बचाई। यह दूरी करीब 550 से 600 मीटर बताई जा रही है। एक जवान के नहर के गेट से टकराकर घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सेना की टीमें भी तत्काल राहत और तलाश अभियान में जुट गईं। हरियाणा और उत्तर प्रदेश की आपदा राहत टीमों को भी सर्च ऑपरेशन में लगाया गया है। जिला प्रशासन से NDRF की टीम उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया गया है।
डूबी मोटरबोट को बाहर निकाला गया
रेस्क्यू अभियान के दौरान सेना की मोटरबोट को भी पानी से निकाल लिया गया है। तेज बहाव के कारण लापता जवान की तलाश में मुश्किलें आ रही हैं। तलाश अभियान को आसान बनाने के लिए नहर में पानी का प्रवाह कम करने की कोशिश की जा रही है। खोज अभियान में हवाई संसाधनों का भी इस्तेमाल किया गया। हालांकि लापता जवान की पहचान और उसकी यूनिट को लेकर अधिकारियों की ओर से तत्काल विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई थी। फिलहाल सबसे बड़ी चिंता लापता जवान को सुरक्षित खोजने की है। सेना, पुलिस, आपदा राहत और प्रशासन की टीमें संयुक्त रूप से तलाश में जुटी हैं।

