Haryanvi Singer Ankit Baliyan Murder Case : उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद उनके घर में मातम का माहौल है. हर तरफ मायूस चेहरे, नम आंखें और गुस्सा दिख रहा है. अब अंकित बालियान के पिता ने सीएम योगी आदित्यनाथ के सामने एक मांग रख दी है. उन्होंने कहा कि जैसा उनका बेटा सड़क पर मारा है, वैसे ही हमलावरों का भी खात्मा होना चाहिए.
पिता ने सीएम योगी से की ये मांग
पिता सत्यवीर सिंह ने कहा कि उनके बेटे का न तो किसी भी व्यक्ति से कोई बातचीत थी और न ही उठना-बैठना. उसका किसी से कोई मतलब नहीं था और न ही किसी प्रकार की बातचीत. हरियाणा में ही वह रह रहा था और यहीं पर संपर्क था. उन्होंने आगे कहा कि योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि जिस तरह हमलावरों ने उनके बेटे को सड़क पर मारा है उन हमलावरों का भी उसी तरह खात्मा होना चाहिए.
नम आंखों और गुस्से से लाल पिता ने कहा कि उनके बेटे को 18 गोलियां मारी गईं. उसका कोई कसूर नहीं था. ये पोस्ट फर्जी है. ये अफवाह है. इतना बड़ा झगड़ा नहीं था. वो तो गाने का शौक रखता था. उसका किसी से कोई झगड़ा नहीं था. इस साजिश के तार हरियाणा से जुड़े हैं. इंसाफ चाहिए. हमें पता नहीं है पुलिस ने बोला है कि दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा.
विधायक ने भी मांगा इंसाफ
स्थानीय विधायक परसन चौधरी ने कहा कि हमें इंसाफ चाहिए. हमारे इलाके में ये बड़ी घटना है. इस पर एक्शन होगा. पुलिस और मुख्यमंत्री की बात हुई थी. हमें अच्छा रिजल्ट नहीं मिला है. हमें इंतजार है. ऐसा लग रहा है गैंग इसके पीछे हो सकता है. जो सोशल मीडिया में आ रहा है हमें लगता नहीं है ऐसा कुछ है. पुलिस इस पर कार्रवाई करे तभी इलाके में शांति होगी.
कल शाम हुई हत्या
बता दें, बुधवार शाम अंकित बालियान अपने जिम से निकल रहे थे कि तभी कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी. सूचना मिलते ही शामली कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची थी, शव को कब्जे में लिया और पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की. सिंगर अंकित बालियान का शामली और हरियाणा में आना जाना था. सोशल मीडिया पर वह काफी एक्टिव थे. उन्हें गाने का शौक था और कई गाने भी उनके सोशल मीडिया में पसंद किए जाते थे. मगर, एक वायरल पोस्ट के आने के बाद शामली पुलिस भी हरकत में आई है. इसमें गोगी गैंग के नाम पर वायरल पोस्ट में दावा किया गया है कि अंकित बालियान की हत्या को उनके गैंग ने अंजाम दिया है.
