Haryana News: हरियाणा के झज्जर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। अस्पताल में नवजात की मौत के बाद उसे दफनाने के बजाय शव को खेत में छोड़ दिया गया। खेत के मालिक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल भिजवाया।
दफनाने के बजाय खेत में छोड़ा शव
घटना झज्जर-रेवाड़ी रोड पर गांव अमादलपुर और पाटोदा रोड के बीच की है। जानकारी के अनुसार, नवजात की डिलीवरी गांव पाटोदा के एक बड़े अस्पताल में हुई थी। नवजात की मौत के बाद परिजनों ने शव को दफनाने की जिम्मेदारी अपने किसी रिश्तेदार को सौंपी थी, लेकिन शव को खेत में छोड़ दिया गया।
खेत के मालिक ने की शिकायत
खेत मालिक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस नवजात के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में परिजनों और शव दफनाने की जिम्मेदारी लेने वाले रिश्तेदार की लापरवाही सामने आई है।


