नई दिल्ली. पाकिस्तान के अनुभवी स्पिनर मोहम्मद नवाज को डोप टेस्ट में प्रतिबंधित पदार्थ मिलने के बाद आईसीसी (ICC) ने एंटी-डोपिंग कोड के तहत प्रतिबंधित कर दिया है. हालांकि उनको रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम पूरा करने पर उनकी सजा में राहत मिलेगी. आईसीसी के आधिकारिक बयान के मुताबिक, 32 साल के नवाज 7 फरवरी 2026 को श्रीलंका के कोलंबो में पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच खेले गए टी20 विश्व कप 2026 मुकाबले के बाद लिए गए डोप टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए.
डोप टेस्ट में नवाज के सैंपल में Carboxy-THC नाम का प्रतिबंधित पदार्थ मिला. जिसे आईसीसी एंटी-डोपिंग कोड के तहत “Substance of Abuse” की श्रेणी में रखा गया है. नवाज ने एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन को स्वीकार करते हुए कहा कि यह पदार्थ प्रतियोगिता के बाहर लिया गया था. इसका उद्देश्य खेल प्रदर्शन को बेहतर बनाना नहीं था.
आईसीसी ने मोहम्मद नवाज पर तीन महीने का प्रतिबंध लगाया. जो 1 मई 2026 से प्रभावी माना गया. यदि नवाज आईसीसी द्वारा स्वीकृत नशामुक्ति (Substance Abuse Treatment) कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा कर लेते हैं, तो उनकी सजा घटाकर एक महीने कर दी जाएगी. नवाज पहले ही ढाई महीने की अस्थायी निलंबन अवधि पूरी कर चुके हैं और उपचार कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दे चुके हैं. ऐसे में उनका प्रोविजनल सस्पेंशन भी हटा लिया गया है. यदि वह उपचार कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा कर लेते हैं, तो उन्हें अतिरिक्त प्रतिबंध नहीं झेलना पड़ेगा.
Pakistan spin-bowling all-rounder has been sanctioned under the ICC Anti-Doping Code.https://t.co/GzjhKhKOWa
— ICC (@ICC) July 17, 2026
इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने पुष्टि की थी कि आईसीसी ने उन्हें इस मामले की जानकारी दे दी थी. बोर्ड ने आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी थी. मोहम्मद नवाज ने टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान के सभी सात मुकाबले खेले थे. इस दौरान उन्होंने 15 रन बनाए और 7 विकेट हासिल किए. पाकिस्तान की टीम सुपर-8 चरण से आगे नहीं बढ़ सकी थी. हाल ही में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में मुल्तान सुल्तान्स की ओर से खेलते हुए नवाज ने 10 मैचों में 54 रन बनाए और 6 विकेट अपने नाम किए.

