नई दिल्ली. मानसून की मार इस समय देश के कई राज्यों में पड़ती दिख रही है. आज अगर तमाम इलाकों के मौसम की बात करें तो रविवार को भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है. दिल्ली-एनसीआर में बारिश की वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो चुकी है. कई इलाकों में सड़कों पर पानी भरने की वजह से ट्राफिक जाम लगा हुआ है. लोगों को अपने घर से ठिकानों तक पहुंचने में इसकी वजह से घंटों से बाहर बिताना पड़ रहा है. शनिवार को दिनभर रुक रुक कर बारिश हुआ और रविवार को भी दिल्ली और गुरुग्राम के कई इलाकों में सुबह से बारिश होना शुरू हो गई है.
मौसम विभाग की तरफ से जारी चेतावनी में बताया गया है कि आज दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 15 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान चलने की आशंका है. इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ घंटों में उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई जिलों में जमकर बारिश होने की संभावना है.IMD अलर्ट में देश के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का भी अलर्ट जारी किया गया है.

मौसम विभाग की तरफ से जारी अलर्ट में अगर उत्तर भारत की बात करें तो दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई राज्यों में हल्की से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. दिल्ली-NCR में सुबह से बादल छाए हैं और रुक रुक कर बारिश भी हो रही है. ये हाल रविवार को पूरे दिन बने रहने की आशंका है. दिनभर बादल के बरसने की वजह से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है. इसकी वजह से लोगों को सड़क यात्रा में परेशानी का सामना करना पड़ेगा. उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ जिलों में तेज बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है.
अगर पूर्वी भारत में मानसून के कहर की बात करें तो रविवार को बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. ओडिशा के तटीय इलाकों में लोगों को सावधान रहने की जरूरत है क्योंकि इन जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. मौसम के मिजाज में हुए बदलाव की वजह से जनजीवन प्रभावित हो सकता है और परेशानियां बढ़ सकती हैं. पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय समेत कई राज्यों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इन राज्यों के कई इलाकों में खास सावधान रहने की चेतावनी दी गई है क्योंकि कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है. दक्षिण और पश्चिम भारत में भी मानसून का उग्र रूप देखने को मिल सकता है. महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में भी बादल के बरसने की संभावना है.

