नई दिल्ली. देशभर के मौसम के मिजाज में पिछले एक दो दिन में फिर से बदलाव देखने को मिला है. दक्षिण-पश्चिम मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 13 अक्टूबर को कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है. दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में मौसम ने करवट ली है. आइए जानते हैं विभिन्न राज्यों में मौसम का हाल।
देश की राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाके में आज पूरे दिन बादल छाए रहेंगे. नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में मंगलवार को भी बारिश से आसार बने हुए हैं. कुछ इलाकों में हल्की जबकि कई क्षेत्र में बादल के जमकर बरसने का पूर्वानुमान है. गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों में मौसम का मिजाज रूखा रहने वाला है. राज्य में फिलहाल किसी प्रतिकूल मौसमी स्थिति का अनुमान नहीं है. अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
उत्तर प्रदेश में मंगलवार सुबह हल्की धुंध के बीच धूप निकलने और दिन चढ़ने के साथ गर्म मौसम रहने की संभावना है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश हो सकती है. इन इलाकों में नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, शामली, आगरा, मथुरा, वृंदावन, अलीगढ़, फिरोजाबाद, बरेली, मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर और संभल शामिल हैं.
बात करें देश के पहाड़ी इलाकों की तो भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 13 अक्टूबर को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. राज्य के कुछ चुनिंदा स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है.
दिल्ली से सटे हरियाणा में आज भी मौसम खराब रहने वाला है. राज्य के कई हिस्सों में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. कुछ इलाकों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है. मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के अलग-अलग स्थानों पर बारिश, बिजली गिरने, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है.
पिछले कुछ महीनों से बाढ़ की मार झेल रहे बिहार में भी बारिश होने की आशंका जताई जा रही है. कई हिस्सों में मंगलवार को बादल छाए रहने के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने राज्य के लिए फिलहाल कोई मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की है.

