संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने एक बार फिर माना भारत वैश्विक मामलों में प्रभाव रखने वाला देश
AI Impact Expo 2026 News (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : आज से नई दिल्ली के भारत मंडपम में पांच दिवसीय इंडिया एआईइम्पैक्ट एक्सपो 2026 आरंभ होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे । इस एक्सपो का आयोजन 16 से 20 फरवरी तक होगा। इस दौरान एक्सपो में आॅस्ट्रेलिया, जापान, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड्स, स्विट्जरलैंड, सर्बिया, एस्टोनिया, ताजिकिस्तान और अफ्रीका सहित 13 देशों के पवेलियन लगाए जाएंगे, जो एआई क्षेत्र में वैश्विक सहयोग को प्रदर्शित करेंगे।
इस आयोजन पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस का बड़ा बयान सामने आया है। इस आयोजन को लेकर उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक मामलों में अधिक प्रभाव रखने वाली एक बेहद सफल उभरती हुई अर्थव्यवस्था है। यह कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए सही जगह है। भारत एआई इम्पैक्ट समिट से पहले संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में दिए विशेष साक्षात्कार में गुटेरस ने जोर दिया कि एआई से पूरी दुनिया को लाभ होना चाहिए।
वैश्विक स्तर पर बढ़ रही भारत की भूमिका
उन्होंने कहा कि यह बहुत ही जरूरी है कि एआई मानव जाति के हित के लिए एक सार्वभौमिक साधन बने। संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कहा, भारत आज एक बेहद सफल उभरती हुई अर्थव्यवस्था है और न केवल वैश्विक अर्थव्यवस्था में बल्कि वैश्विक मामलों में अपने प्रभाव में भी लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस शिखर सम्मेलन के आयोजन के लिए भारत सही जगह है। उन्होंने कहा कि यह जरूरी है कि एआई पर गहराई से चर्चा की जाए, जिसमें इसकी अपार संभावनाओं के साथ ही इसके सभी जोखिम भी शामिल हों।
शिखर सम्मेलन के आयोजन के लिए दी बधाई
उन्होंने कहा कि मैं इस शिखर सम्मेलन के आयोजन के लिए भारत को हार्दिक बधाई देता हूं। गुटेरेस ने कहा कि यह अत्यंत आवश्यक है कि एआई का विकास हर किसी के लाभ के लिए हो और वैश्विक दक्षिण के देश भी एआई के लाभों का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा, यह बिल्कुल अस्वीकार्य होगा कि एआई केवल सबसे विकसित देशों का विशेषाधिकार हो या केवल दो महाशक्तियों के बीच का विभाजन हो। उनका इशारा स्पष्ट रूप से अमेरिका और चीन की ओर था।
ये भी पढ़ें : AI Impact Expo 2026 : तकनीक के क्षेत्र में आज भारत करेगा नई शुरुआत

