आज शाम अहमदाबाद में खेला जाएगा टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल
T20 World Cup 2026 Final Live (द भारत ख़बर), खेल डेस्क : टी20 विश्व कप 2026 का अंतिम मुकाबला यानि फाइनल आज शाम अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। भारत यदि आज जीत हासिल करता है तो तीसरी बार टी20 विश्व विजेता टीम बन जाएगी। इससे पहले भारत 2007 और 2024 में यह टूर्नामेंट जीत चुका है। वहीं न्यूजीलैंड की कोशिश होगी की वह भारत को मात देते हुए पहली बार टी20 विश्व विजेता का खिताब हासिल करे। विश्व कप का फाइनल मुकाबला शाम सात बजे से शुरू होगा। इससे ठीक आधा घंटा पहले यानी शाम साढ़े छह बजे टॉस होगा।
फाइनल में भारत का पलड़ा भारी
टीम इंडिया की बात करें तो बल्लेबाजी उसका सबसे बड़ा हथियार बनकर उभरी है। संजू सैमसन और ईशान किशन ने टूनार्मेंट में लगातार तेज रफ्तार से रन बनाए हैं। सैमसन चार मैचों में 201 के स्ट्राइक रेट से 232 रन बना चुके हैं, जबकि ईशान किशन ने आठ मुकाबलों में 189 के स्ट्राइक रेट से 263 रन ठोके हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 242 रन बनाए हैं। हालांकि, अहम मौकों पर उनका जल्दी आउट होना चिंता का विषय रहा है। हार्दिक पांड्या ने आॅलराउंड प्रदर्शन करते हुए बल्ले से 199 रन बनाने के साथ-साथ गेंद से भी आठ विकेट झटके हैं। तिलक वर्मा को फिनिशर की भूमिका में भेजने का फैसला भी टीम के लिए फायदेमंद साबित हुआ है।
न्यूजीलैंड की घातक गेंदबाजी से रहना होगा सावधान
दूसरी ओर न्यूजीलैंड की टीम का सबसे मजबूत पक्ष उसकी गेंदबाजी रही है। मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन की तेज गेंदबाजी ने विपक्षी बल्लेबाजों को काफी परेशान किया है। कप्तान मिचेल सैंटनर ने किफायती गेंदबाजी करते हुए रन गति पर लगाम लगाई है, जबकि रचिन रविंद्र ने स्पिन विभाग में विकेट निकालकर टीम को बड़ी सफलता दिलाई है। रचिन इस टूनार्मेंट में न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा 11 विकेट ले चुके हैं।
कीवी बल्लेबाजों ने भी किया प्रभावशाली प्रदर्शन
न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी में टॉप आॅर्डर ने शानदार प्रदर्शन किया है। टिम सीफर्ट ने सात मैचों में 161 के स्ट्राइक रेट से 274 रन बनाए हैं, जबकि फिन एलन 203 के स्ट्राइक रेट से 289 रन ठोक चुके हैं। एलन ने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 33 गेंदों में शतक लगाकर अपनी विस्फोटक क्षमता का नमूना भी पेश किया था। ग्लेन फिलिप्स ने भी नंबर चार पर अहम पारियां खेली हैं।

