नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की तरफ से न्यूजीलैंड दौरे के लिए टेस्ट टीम का ऐलान कर दिया गया है. शुक्रवार, 16 अक्टूबर को दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा की गई. तेज गेंदबाज आकाश दीप की टीम में वापसी हुई है. टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला वनडे सीरीज खत्म होने के महज चार दिन बाद 19 नवंबर को वेलिंगटन में शुरू होगा.
न्यूजीलैंड के दौरे पर खेली जाने वाली टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया गया है. बीसीसीआई ने वनडे के लिए अलग लग टीम का ऐलान किया है. स्पिनर मानव सुथार को टेस्ट टीम से बाहर कर दिया गया है. सुथार ने अपने करियर की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी और वह न्यूजीलैंड दौरे की तैयारी भी शुरू कर चुके थे.पहला टेस्ट 19 नवंबर से खेला जाएगा जबकि दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च में शुरू होगा.
🚨 News 🚨
#TeamIndia’s ODI and Test squads for New Zealand tour announced 📝
Captain Shubman Gill will lead the side for the first 3️⃣ ODIs, before Shreyas Iyer takes charge for the last 2️⃣ matches.
More details ▶️ https://t.co/npwxUYlb1N
#NZvIND https://t.co/3ckm7ixgEN
— BCCI (@BCCI) October 16, 2026
भारतीय टीम में किए गए बदलाव न्यूजीलैंड की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर किए गए हैं. सुथार ने श्रीलंका के खिलाफ पिछली टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था. न्यूजीलैंड की पिचों पर उनकी स्पिन गेंदबाजी को उतनी मदद मिलने की संभावना नहीं मानी जा रही है. इसी वजह से चयनकर्ताओं उनको टीम से बाहर रखने का फैसला लिया. श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में डेब्यू करने वाले ऑफ स्पिनर सारांश जैन को भी टीम से बाहर कर दिया गया है. वह इस मुकाबले में कोई विकेट नहीं ले सके थे. श्रीलंका दौरे पर टेस्ट खेलने वाले गुरनूर बराड़ को भी टीम में जगह नहीं मिली है.
टीम के लिए सबसे राहत की खबर तेज गेंदबाज आकाश दीप की वापसी है. पीठ की गंभीर चोट के कारण वह कई महीनों तक क्रिकेट से दूर रहे थे. चोट से पहले वह जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के साथ भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण में तीसरे तेज गेंदबाज की भूमिका निभा रहे थे. न्यूजीलैंड में अगर भारतीय टीम को हरी और तेज गेंदबाजों के अनुकूल पिचें मिलती हैं, तो आकाश दीप और नीतीश कुमार रेड्डी अहम भूमिका निभा सकते हैं.

चोट की वजह से श्रीलंका दौरे से बाहर होने वाले बल्लेबाज साई सुदर्शन टीम में लौट आए हैं. उनकी जगह उस दौरे पर शामिल किए गए सरफराज खान को चयनकर्ताओं ने बाहर कर दिया है. भारतीय टीम में शुभमन गिल कप्तान की भूमिका निभाएंगे, जबकि केएल राहुल उपकप्तान होंगे. ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल को विकेटकीपर के रूप में टीम में शामिल किया गया है.
भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, साई सुदर्शन, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज।

