नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ जो रिकॉर्ड बनाया था वो 1 महीने भी नहीं टिका. श्रीलंका की टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान में गजब कर दिया. वनडे क्रिकेट में भारत के दूसरे सबसे बड़े सफल रन चेज का रिकॉर्ड महज 22 दिन तक कायम रहा. श्रीलंका ने गुरुवार (22 अक्टूबर) को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में इतिहास रचते हुए इंग्लैंड के खिलाफ 430 रन का विशाल लक्ष्य हासिल कर लिया. टीम ने ट्राई सीरीज के मुकाबले में एक गेंद रहते जीत दर्ज की. इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान भी शामिल है. श्रीलंका की यह सीरीज में पहली जीत रही.
इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने 116 गेंद में 202 रन की शानदार पारी खेली. टीम को उन्होंने 429 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया. श्रीलंका के बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए इस लक्ष्य को भी छोटा साबित कर दिया. यह वनडे क्रिकेट के इतिहास में श्रीलंका का सबसे बड़ा सफल रन चेज है. श्रीलंका की जीत में अविष्का फर्नांडो ने 83 गेंद में 97 रन बनाए. पवन रत्नायके ने 106 गेंद में 130 रन की शानदार पारी खेली. कप्तान दसुन शनाका ने 50 गेंद में 97 रन ठोके, जबकि जनिथ लियानागे ने महज 27 गेंदों में 61 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई.
𝑨 𝒎𝒐𝒏𝒖𝒎𝒆𝒏𝒕𝒂𝒍 𝒘𝒊𝒏 🇱🇰
Sri Lanka complete the second-highest chase in Men’s ODI history against England 😲
📝: https://t.co/M0k2qBIEay https://t.co/cfDDyaf56o
— ICC (@ICC) October 22, 2026
वनडे क्रिकेट में इससे बड़ा सफल रन चेज सिर्फ दक्षिण अफ्रीका के नाम है. दक्षिण अफ्रीका ने 2006 में जोहानिसबर्ग में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 435 रन का लक्ष्य हासिल किया था. उस मुकाबले के बाद वनडे में 400 से ज्यादा रन का लक्ष्य हासिल करने का यह दूसरा मौका है. कमाल की बात यह कि पिछले महीने तक वनडे क्रिकेट में सिर्फ 1 बार ही 400 से ज्यादा रन का लक्ष्य हासिल किया गया था. अब पिछले 23 दिनों में ऐसा दो बार हो चुका है.
An explosive hundred from Pavan Rathnayake has given Sri Lanka hope in the mammoth ODI chase against England 💪
📝: https://t.co/M0k2qBIEay https://t.co/nauzqOYAOk
— ICC (@ICC) October 22, 2026
श्रीलंका अब अपने देश से बाहर वनडे में 400 से ज्यादा रन का लक्ष्य हासिल करने वाली पहली टीम बन गई है. वह वनडे की दूसरी पारी में दो बार 400 से ज्यादा रन बनाने वाली पहली टीम भी बन गई है. श्रीलंका ने 2009 में राजकोट में भारत के खिलाफ दूसरी पारी में 411 रन बनाए थे. उसे तीन रन से हार का सामना करना पड़ा था. वनडे क्रिकेट में यह एकमात्र ऐसा मौका है, जब किसी टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 400 से ज्यादा रन बनाए, लेकिन फिर भी उसे हार मिली.
वनडे क्रिकेट में सबसे बड़े सफल रन चेज
| टीम | विपक्षी टीम | हासिल किया गया लक्ष्य | मैदान | साल |
|---|---|---|---|---|
| दक्षिण अफ्रीका | ऑस्ट्रेलिया | 435 रन | जोहानिसबर्ग | 2006 |
| श्रीलंका | इंग्लैंड | 430 रन | रावलपिंडी | 2026 |
| भारत | वेस्टइंडीज | 406 रन | गुवाहाटी | 2026 |
| दक्षिण अफ्रीका | ऑस्ट्रेलिया | 372 रन | डरबन | 2016 |
| नीदरलैंड | स्कॉटलैंड | 370 रन | डंडी | 2025 |
श्रीलंका ने अपना 20 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. इससे पहले वनडे में उसका सबसे बड़ा सफल रन चेज 2006 में लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ था. टीम ने 324 रन का लक्ष्य हासिल किया था. इस मुकाबले में दोनों टीमों ने मिलकर कुल 859 रन बनाए. वनडे क्रिकेट में यह किसी मैच का दूसरा सबसे बड़ा कुल स्कोर है. इस लिस्ट में टॉप पर दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच 2006 में जोहानिसबर्ग में खेला गया मुकाबला है, जिसमें कुल 872 रन बने थे.

