कहा, ईरान ने ऐसा नहीं किया तो अमेरिका ईरान के पावर प्लांट कर देगा तबाह
US-Iran War Today Update (द भारत ख़बर), वॉशिंगटन : अमेरिका और इजरायल के संयुक्त रूप से ईरान पर हमले 28 फरवरी से जारी हैं। आज यह हमले 23वें दिन में प्रवेश कर चुके हैं। लेकिन अभी भी ईरान दोनों देशों का डटकर मुकाबला कर रहा है। इस युद्ध के कारण ईरान ने विश्व व्यापार के लिए सबसे प्रमुख समुद्री मार्ग हॉर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह से बाधित कर दिया है। सैकड़ों समुद्री जहाज जिनमें सामान से भरे और खाली दोनों तरह के हैं वे फंसे हुए हैं। जिससे विश्व आपूर्ति बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। इसी बीच अमेरिका के राष्टÑपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को धमकी दी है कि वह यदि दो दिन में इस जलडमरूमध्य को नहीं खोलता तो उसके लिए बहुत नुकसानदायक होगा।
ट्रंप ने ईरान को यह चेतावनी दी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उसने 48 घंटे के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य को बिना किसी शर्त के पूरी तरह नहीं खोला, तो अमेरिका उसके प्रमुख पावर प्लांट्स पर हमला करेगा। ट्रंप ने अपने बयान में स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि ईरान ने समयसीमा के भीतर कदम नहीं उठाया, तो अमेरिका उसकी ऊर्जा संरचनाओं को निशाना बनाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कार्रवाई सबसे बड़े पावर प्लांट से शुरू होगी और अन्य ठिकानों तक बढ़ेगी। यह बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान और अमेरिका के बीच पहले से ही तनावपूर्ण संबंध बने हुए हैं।
ईरान ने इजरायल के दिमोना शहर पर बरसाई मिसाइलें
इजरायली मीडिया द्वारा साझा किए गए फुटेज में मिसाइल हमले का दृश्य दिखाई दे रहा है। फुटेज में एक बड़ा गोला हवा से नीचे आता हुआ दिखाई देता है, जिसके बाद एक जोरदार धमाका होता है। इजरायल के कान ब्रॉडकास्टर ने देश की आपातकालीन चिकित्सा सेवा का हवाला देते हुए बताया कि शहर में कम से कम 20 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक 10 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। वहीं इजरायली मीडिया चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, मालोट-तर्शिहा में रॉकेट हमले में कम से कम आठ लोग घायल हो गए हैं।

