Noida heavy rain: नोएडा में भारी बारिश से जीवन अस्त-व्यस्त है। बुधवार सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई तेज बारिश ने जहां उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई, वहीं महज दो घंटे की बारिश ने नोएडा की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। शहर के कई सेक्टरों और गांवों में घुटनों तक पानी भर गया।
घंटों रही जाम की स्थिति
सड़कों पर जलभराव के कारण वाहन रेंगते नजर आए और प्रमुख मार्गों पर घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही। सबसे अधिक परेशानी सेक्टर 62, नोएडा एक्सटेंशन के पास देखने को मिली। पूरे जिले में जहां-तहां जलभराव के बीच स्कूली बच्चों को भीगते हुए स्कूल पहुंचना पड़ा।
फुटपाथ और पार्क भी जलमग्न
सेक्टर 19 में सड़क के साथ-साथ फुटपाथ और पार्क भी जलमग्न हो गए। वहीं सेक्टर 105 में स्थिति और गंभीर रही। मुख्य नाले का जलस्तर बढ़ने से सीवर बैक-फ्लो हो गया और नाले का गंदा पानी सेक्टर की सड़कों पर फैल गया, जिससे लोगों को बदबू और गंदगी के बीच आवागमन करना पड़ा।
सेक्टर 63 भी रहा बेहाल
बारिश का असर सेक्टर 63 के डी और ए ब्लाक सेक्टर 58,सेक्टर 1,4,5,6 सहित पूरा शहर जलमग्न रहा। इतना ही नहीं एसीपी कार्यालय परिसर और नोएडा प्राधिकरण कार्यालय के मुख्य मार्ग भी जलभराव की चपेट में रहे। कार्यालय आने जाने वाले कर्मचारियों और आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
