पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता से बदला उत्तर भारत का मौसम, ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान
Weather Update Today (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते समस्त उत्तर भारत में मौसम में बदलाव दिखाई दे रहा है। गत दिवस जहां दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहा। वहीं आज भी मौसम खराब रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मौसम के इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली है और यह राहत पूरे सप्ताह जारी रहने की उम्मीद है। वहीं मैदानी राज्यों में गत दिवस हुई ओलावृष्टि से सरसों और गेहूं की फसलों को नुकसान पहुंचने का भी समाचार है।
उत्तरी भारत में सोमवार को इस तरह रहा मौसम
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों में सोमवार को छिटपुट बारिश हुई, 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। वहीं, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई। बदले मौसम से आम लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन किसानों और बागवानों की चिंताएं बढ़ गईं। इस पूरे सप्ताह उत्तर-पश्चिम भारत में छिटपुट बारिश होने और तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में गरज और चमक के साथ बारिश हुई और तेज हवाएं चलीं। त्रिपुरा और केरल में छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश (7-11 सेमी) दर्ज की गई।
इस तरह रहेगा आने वाले दिनों में मौसम
आईएमडी के अनुसार, दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से, उत्तर-पश्चिम भारत में इस सप्ताह वर्षा जारी रहने की संभावना है। 4 अप्रैल को भारी वर्षा हो सकती है। कश्मीर घाटी में छिटपुट भारी वर्षा के साथ हिमपात होने की भी संभावना है। 31 मार्च को मध्य और पूर्वी भारत में और उत्तरी प्रायद्वीपीय भारत में छिटपुट ओलावृष्टि की संभावना है। 31 मार्च से 1 अप्रैल के दौरान पूर्वोत्तर और उससे सटे पूर्वी भारत में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ छिटपुट से लेकर व्यापक वर्षा की संभावना है। दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ छिटपुट वर्षा जारी रह सकती है। उत्तर प्रदेश को छोड़कर उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
ये भी पढ़ें : LPG Crisis : देश में नहीं है एलपीजी की किल्लत : पेट्रोलियम मंत्रालय

