बिलासपुर. देश के पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में एक श्ख्स ने अनोखा स्टार्टअप शुरू किया है. बिलासपुर जिले में संजीव ठाकुर का स्टार्टअप बेहद चौंकाने वाला है. यहां कंदरौर में राज्य का पहला डोंकी फार्म खोला गया है. गधी के दूध का उत्पादन करने के लिए इस फार्म को लगाया गया है. बताया जा रहा है कि यहां पर बिकने वाले दूध को 7 हजार लीटर तक बेचा जाने वाला है.
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने डेयरी कॉन्क्लेव-2026 के तहत इस फार्म का शुभारंभ किया. गधी का दूध कम मात्रा में मिलता है. विदेशों में इसकी मांग काफी ज्यादा है. इसी वजह से इसकी कीमत भी बहुत अधिक है. बाजार में इसकी कीमत 5 हजार से 7 हजार रुपये प्रति लीटर तक बताई जाती है. इसके पाउडर की कीमत 20 हजार से 80 हजार रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच जाती है.

गाय की डेयरी के बाद शुरू किया डोंकी फार्म
इस अनूठे स्टार्टअप की शुरुआत स्थानीय निवासी संजीव ठाकुर ने की है. उन्होंने इसी साल कंदरौर में गाय के दूध की डेयरी शुरू की थी. अब उन्होंने अपने कारोबार का विस्तार करते हुए 12 गधे खरीदकर डोंकी फार्म शुरू किया है. संजीव ठाकुर का लक्ष्य आने वाले समय में फार्म में कम से कम 25 गधे रखने का है. उनका दावा है कि यह हिमाचल प्रदेश का अपनी तरह का पहला फार्म है. गधी के दूध की मांग केवल डेयरी उत्पादों तक सीमित नहीं है. इसका इस्तेमाल सौंदर्य प्रसाधन, स्किन केयर और फार्मास्युटिकल उद्योग में भी किया जाता है. यही वजह है कि इसे कारोबार के नए विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है.
क्यों इतना महंगा बिकता है गधी का दूध?
गधी के दूध का उत्पादन दूसरे सामान्य दूध के मुकाबले कम होता है. इसकी सीमित उपलब्धता और विशेष संरचना के कारण बाजार में इसकी कीमत अधिक रहती है. इसमें लैक्टोज, व्हे प्रोटीन, लाइसोजाइम और लैक्टोफेरिन जैसे जैविक घटक पाए जाते हैं. ये तत्व इसे गाय और भैंस के दूध से अलग बनाते हैं.

कॉस्मेटिक्स से लेकर दवाइयां बनाने तक होता है इस्तेमाल
गधी के दूध का सबसे ज्यादा इस्तेमाल प्रीमियम कॉस्मेटिक्स और स्किन केयर उत्पाद बनाने में किया जाता है. इससे एंटी-एजिंग क्रीम, साबुन, मॉइस्चराइजर और लोशन जैसे उत्पाद तैयार किए जाते हैं. कई देशों में सौंदर्य प्रसाधन उद्योग में इसकी अच्छी मांग है. इसके अलावा फार्मास्युटिकल उद्योग और विशेष पोषण उत्पादों के निर्माण में भी इसका इस्तेमाल किया जाता है. गाय या भैंस के दूध से एलर्जी वाले कुछ लोगों के लिए इसे एक वैकल्पिक दूध के रूप में देखा जाता है. दूध से एलर्जी होने पर इसका सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है.
गधी के दूध में कौन से पोषक तत्व पाए जाते हैं?
गधी के दूध में विटामिन ए, बी, सी, डी और ई के साथ ओमेगा-3 और ओमेगा-6 फैटी एसिड पाए जाते हैं. इसमें मौजूद लाइसोजाइम और लैक्टोफेरिन जैसे प्रोटीन को रोगाणुरोधी गुणों के लिए जाना जाता है. इसकी पोषण संरचना और आसानी से पचने की विशेषता के कारण भी इस दूध पर काफी चर्चा होती है. स्किन केयर उत्पादों में इसका इस्तेमाल त्वचा की नमी बनाए रखने के लिए किया जाता है. इसके अलावा, इसमें मौजूद पोषक तत्वों और जैविक घटकों को लेकर भी अलग-अलग शोध किए जा रहे हैं.

