CNG PNG Price Hike in Mumbai: मुंबई में CNG इस्तेमाल करने वाले लोगों को अब ज्यादा कीमत चुकानी होगी। महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने सीएनजी की कीमत में ₹2 प्रति किलो की बढ़ोतरी की है। इस बढ़ोतरी के बाद मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में CNG का नया भाव ₹88 प्रति किलो हो गया है। नई कीमत 1 सितंबर 2026 से लागू हो गई है। MGL ने केवल CNG के दाम नहीं बढ़ाए हैं, बल्कि घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस यानी PNG की कीमत में भी ₹1 प्रति SCM की वृद्धि की है। इसके साथ घरेलू PNG की कीमत ₹52 से बढ़कर ₹53 प्रति SCM हो गई है।
मुंबई में CNG का नया रेट क्या है?
MGL की ताजा बढ़ोतरी के बाद मुंबई में CNG की कीमत ₹86 से बढ़कर ₹88 प्रति किलो हो गई है। यह कीमत मुंबई के साथ MGL के नेटवर्क के तहत आने वाले आसपास के क्षेत्रों में भी लागू है। नई दर 1 सितंबर से प्रभावी हुई है। घरेलू PNG की बात करें, तो इसकी कीमत ₹52 से बढ़कर ₹53 प्रति SCM हो गई है। यह बदलाव मुंबई महानगरीय क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों को प्रभावित करेगा। इससे लोगों का खर्च बढ़ जाएगा।
क्यों बढ़ाए गए CNG और PNG के दाम?
MGL ने कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे मिडिल ईस्ट में जारी संकट और गैस की बढ़ती लागत को मुख्य वजह बताया है। कंपनी के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ी गैस कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई है, जिससे गैस की खरीद लागत बढ़ी है। MGL ने बताया कि CNG की मांग में भी काफी बढ़ोतरी हुई है। CNG सेगमेंट की जरूरत का एक बड़ा हिस्सा इंपोर्टेड स्पॉट RLNG से पूरा किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय कीमतों में बढ़ोतरी के कारण इस गैस की लागत पहले की तुलना में ज्यादा हो गई है। कंपनी के मुताबिक ₹2 प्रति किलो की बढ़ोतरी बढ़ी हुई इनपुट लागत की केवल आंशिक भरपाई करेगी।
मुंबई के ऑटो-टैक्सी किराये पर भी पड़ेगा असर
CNG की कीमत बढ़ने का असर केवल निजी कार मालिकों तक सीमित नहीं रहेगा। मुंबई में बड़ी संख्या में ऑटो-रिक्शा, टैक्सी और अन्य सार्वजनिक परिवहन वाहन CNG पर निर्भर हैं। ऐसे में ईंधन लागत बढ़ने से ड्राइवरों और वाहन मालिकों के परिचालन खर्च पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब मुंबई महानगरीय क्षेत्र में ऑटो-रिक्शा और टैक्सी किरायों में भी 1 सितंबर से बदलाव लागू हुआ है। इसलिए यात्रियों के लिए परिवहन लागत पर दोहरा असर देखने को मिल सकता है।
इस साल मुंबई में कितनी बार बढ़े CNG के दाम?
अप्रैल के बाद यह वित्त वर्ष 2026-27 में CNG कीमतों में चौथी बढ़ोतरी है। इससे पहले मई में दो बार ₹2-₹2 प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई थी और अप्रैल में ₹1 प्रति किलो का इजाफा किया गया था। इससे पहले मई के अंत में MGL ने CNG का भाव ₹2 बढ़ाकर ₹86 प्रति किलो किया था। उस समय भी वैश्विक ऊर्जा बाजार में उथल-पुथल और पश्चिम एशिया से जुड़ी आपूर्ति संबंधी चिंताओं को कीमतों में बदलाव की वजहों में शामिल किया गया था।

