- उत्तर भारत के मैदानों में भीषण गर्मी
- पहाड़ों में लगा पर्यटकों का जमावड़ा
- सुकून और राहत दे रही ठंडी वादियां
Uttarakhand, (द भारत ख़बर), देहरादून/शिमला: उत्तर भारत के मैदानों में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी के चलते ठंडी वादियों का दिलकश नजारा लेने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी पहाड़ों का रुख कर रहे हैं और वीकेंड में तो रिकॉर्ड तोड़ पर्यटक उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर पहंच रहे हैं, जिसके कारण कई जगह जाम की स्थिति बन रही है। जाम में फंसने के कारण कुछ दूरी तय करने में घंटों लग रहे हैं। भारी भीड़ के कारण ट्रैफिक व्यवस्था स्थानीय प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।
नैनीताल बना लोगों की पसंद
उत्तराखंड का नैनीताल लोगों की पसंद बना हुआ है, वहीं हिमाचल में अधिकतर पर्यटक मनाली और रोहतांग का रुख कर रहे हैं। दिन की ठंडी हवाएं व रात का सुहावना मौसम सैलानियों को खासतौर पर आकर्षित कर रहा है। नैनीताल की पहचान मानी जाने वाली नैनी झील इस वीकेंड में पर्यटकों से गुलजार है। इसके अलावा वहां सरोवर नगरी और आसपास के पर्यटन स्थलों में सैलानियों का जबरदस्त जमावड़ा देखने को मिल रहा है। नैनीताल और आसपास के ज्यादातर होटल, होमस्टे व गेस्ट हाउस सैलानियों से भरे पड़े हैं।
कैंचीधाम भी देश-विदेश से पहुंच रहे हजारों श्रद्धालू
नैनीताल में शनिवार को माल रोड से चिड़ियाघर, स्नो व्यू, केव गार्डन व आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पूरे दिन पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। विश्वप्रसिद्ध बाबा नीम करौली महाराज के कैंचीधाम में भी देश-विदेश से हजारों की संख्या में श्रद्धालू पहुंच रहे हैं। मंदिर व आसपास दिनभर भक्तों की लंबी लाइनें देखने को मिल रही हैं।
नौकायन के लिए नैनी झील के किनारे शुक्रवार को लंबी कतारें लगी रहीं। पर्यटक देर शाम तक बोटिंग का लुत्फ उठाते रहे। पर्यटकों की भारी भीड़ के चलते स्थानीय पर्यटन कारोबारियों, रेस्टोरेंट संचालकों और टैक्सी चालकों के चेहरों पर रौनक साफ दिख रही है।
मनाली-रोहतांग मार्ग पर लंबा जाम
मनाली में भी वीकेंड के चलते पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। सैकड़ों की संख्या में शनिवार को पर्यटक रोहतांग दर्रे में बर्फ देखने पहुंचे जिसके कारण मनाली-रोहतांग मार्ग पर हालात बेकाबू हो गए। लगभग 5 किमी का लंबा जाम लगने से 50 किमी की दूरी तय करनें 7 से 8 घंटे में लग रहे हैं।
ये भी पढ़ें : Storm havoc: यूपी-बिहार आंधी-तूफान ने मचाई तबाही, लगभग 50 लोगों की मौत

